नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कुछ दिन पहले आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में 26 पर्यटकों की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना के बाद भारत सरकार ने कड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को रद्द कर दिया है। इस बीच पाकिस्तान के पीपुल्स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो जरदारी ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने धमकी देते हुए कहा, “या तो सिंधु नदी में पानी बहेगा या भारतीयों का खून। सिंधु नदी हमारी है और हमारी ही रहेगी।”
‘कुछ दिन इंतजार करें, मुंहतोड़ जवाब मिलेगा’
बिलावल के इस बयान पर भारत के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “बिलावल को अपनी मानसिक स्थिति की जांच करानी चाहिए। अब बहुत हो चुका है, भारत अब बर्दाश्त नहीं करेगा। कुछ दिन इंतजार करें, मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।” भारत सरकार ने साफ कहा है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर लगाम नहीं लगाता, तब तक उसके साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
14 स्थानीय आतंकियों की पहचान
हमले के बाद खुफिया एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में सक्रिय 14 स्थानीय आतंकवादियों की पहचान की है। ये आतंकी 20 से 40 साल की उम्र के हैं और पाकिस्तान से आए विदेशी आतंकियों की मदद कर रहे हैं। इनमें से 3 आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं, 8 आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से, और 3 आतंकी जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से संबंध रखते हैं। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ कड़ा कदम उठाने के मूड में है और आने वाले दिनों में कई और फैसले लिए जा सकते हैं।