Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP: 101 रुपए खर्च करके आप भी बन सकते हैं अयोध्या दीपोत्सव का हिस्सा

November 10, 2023

UP: 101 रुपए खर्च करके आप भी बन सकते हैं अयोध्या दीपोत्सव का हिस्सा

पर्यटन विभाग ने ‘होली अयोध्या’ एप के माध्यम से शुरू की दीयों की बुकिंग

यूपी डेस्कः (लखनऊ)। योगी सरकार हर साल की तरह इस बार भी अयोध्या के दीपोत्सव को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी कर रही है। इस बार भी 21 लाख दीये जलाकर पर्यटन विभाग विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही पर्यटन विभाग व अयोध्या जिला प्रशासन ने इस बार एक नया प्रयास भी किया है। इसके तहत आप भी घर बैठे दीपोत्सव का हिस्सा बन सकते हैं। एप के माध्यम से आप घर बैठे अयोध्या में एक से लेकर 51 दीयों तक दान देकर उन्हें रोशन कर सकते हैं। एक दीये के लिए जहां आपको 101 रुपए खर्च करने होंगे तो वहीं, 11 दीयों के लिए 251 रुपए, 21 के लिए 501 रुपए और 51 दीयों के लिए 1100 रुपए ऑनलाइन दे सकते हैं।

देश या विदेश कहीं से बुक करा सकेंगे दीये
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने बताया कि विभाग ने ‘होली अयोध्या’ (HOLY AYODHYA) नाम से एक मोबाइल एप तैयार किया है। इससे आम लोग आसानी से घर बैठे अयोध्या के दीपदान में शामिल हो सकेंगे। यह मोबाइल एप एंड्रायड व एप्पल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इस एप को कोई भी व्यक्ति डाउनलोड कर एक या उससे अधिक दीये अपने नाम से बुक कर सकते हैं। खास बात यह कि दीपोत्सव के बाद पर्यटन विभाग संबंधित व्यक्ति के पते पर यह दीया, प्रसाद व सरयू का जल भी प्रसाद के रूप में भेजेगा। इस एप के माध्यम से तय की गई सहायता राशि देकर कोई भी दीये जलवा सकता है। वह अपने नाम से, अपने परिजनों के नाम से एक से लेकर 51 दीये तक बुक करा सकते हैं। इस एप पर आने वाले आवेदन को जिला प्रशासन देखेगा और उसके अनुसार दीये जलवाने की व्यवस्था करेगा। उन्होंने कहा कि देश ही नहीं विदेशों में रह रहे लोग भी इस दीपोत्सव से जुड़ना चाहते हैं। ऐसे में यह उनके लिए अच्छी सुविधा होगी।

एप पर दीपदान के मिलेंगे…
एप पर दीप प्रज्ज्वलन के अलग-अलग पैकेज रखे गए हैं। 101 से 1100 रुपए तक के चार पैकेज में पहला पैकेज 101 रुपए का है, जिसमें एक दीप प्रज्वलित होगा। इसका प्रमाण डिजिटल रूप से श्रद्धालु के नाम से भेजा जाएगा। दूसरा पैकेज 251 रुपए का है, जिसमें 11 दीप जलेंगे तथा प्रमाण के रूप में जले हुए दीपों के साथ रामजन्मभूमि का प्रसाद कोरियर से भेजा जाएगा। इसी तरह तीसरा पैकेज 501 रुपए का है, जिसमें 21 दीप जलाए जाएंगे तथा दीपों के साथ प्रसाद, रामनामी गमछा, सरयु का जल दानदाता को कोरियर से भेजा जाएगा। चौथे पैकेज में 1100 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जिसमें 51 दीप प्रज्ज्वलित होंगे। इसमें दीपों के अतिरिक्त रामलला का प्रसाद, रामनामी गमछा, सरयू जल के साथ राममंदिर का मॉडल कोरियर से भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें – श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर दिया राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का औपचारिक निमंत्रण

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें