Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तराखंड: अवैध मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की बड़ी कार्रवाई, कई मदरसे किए गए सील

April 14, 2025

उत्तराखंड: अवैध मदरसों के खिलाफ धामी सरकार की बड़ी कार्रवाई, कई मदरसे किए गए सील

नेशनल डेस्क: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में प्रशासन ने अवैध मदरसों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में प्रशासन ने कई मदरसों पर छापेमारी की और उन्हें सील कर दिया।

अवैध मदरसों पर कार्रवाई
प्रशासन ने उन मदरसों को सील किया, जिनके पास शिक्षा विभाग से मान्यता नहीं थी और जो सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, इन मदरसों में बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय और सीसीटीवी जैसी सुरक्षा सुविधाएं नहीं थीं। कुछ मदरसे तो मस्जिदों के अंदर ही चलाए जा रहे थे, जो सरकारी नियमों के खिलाफ है।

पुलिस सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
इस कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की अशांति या अफवाहें न फैलें और कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल अवैध रूप से चल रहे शिक्षण संस्थानों के खिलाफ है, न कि किसी खास धर्म या समुदाय के खिलाफ।

मुख्यमंत्री का निर्देश 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ दिन पहले ही राज्य में चल रहे सभी मदरसों की जांच कराने के निर्देश दिए थे। उनका कहना था कि बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी शिक्षण संस्थाओं को मान्यता प्राप्त होनी चाहिए और उन्हें निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है।

इलाके में चर्चाएं तेज
प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर हल्द्वानी में चर्चा का माहौल बन गया है। कुछ लोगों ने इस कदम का समर्थन किया है, जबकि कुछ इसे अचानक और कठोर कदम मानते हुए आलोचना कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें