Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 57 सीटों पर मतदान आज, प्रधानमंत्री मोदी सहित 904 उम्मीदवार मैदान में

June 1, 2024

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 57 सीटों पर मतदान आज, प्रधानमंत्री मोदी सहित 904 उम्मीदवार मैदान में

वाराणसी/चंडीगढ़: लोकसभा चुनाव के 7वें और अंतिम चरण में शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और 7 राज्यों की 57 सीट पर मतदान होगा। इस चरण में वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी मतदान होगा जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण में प्रधानमंत्री मोदी सहित 904 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की 4, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6 और झारखंड की 3 लोकसभा सीट पर मतदान होगा। ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की 6 विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ होंगे।

चुनाव मैदान में कुल 904 प्रत्याशी मौजूद हैं। इनमें शामिल प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती और अभिनेत्री कंगना रनौत हैं। इस चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिलाएं और 3,574 ‘थर्ड जैंडर’ मतदाताओं सहित 10.06 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करने के पात्र हैं। शनिवार को होने वाले मतदान के साथ ही 19 अप्रैल से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी।

अब तक 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 486 लोकसभा सीट के लिए मतदान हो चुका है। आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभाओं के लिए भी मतदान हुआ। मतगणना 4 जून को होगी। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, टैलीविजन चैनल और समाचार संस्थान 1 जून को शाम 6.30 बजे के बाद ‘एग्जिट पोल’ के आंकड़े और उसके नतीजे प्रसारित कर सकेंगे। पहले 6 चरणों में मतदान क्रमश: 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत, 65.68 प्रतिशत, 69.16 प्रतिशत, 62.2 प्रतिशत और 63.36 प्रतिशत रहा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें