Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में मोबाइल से वोट डालने की शुरुआत…लॉन्च हुआ e-voting ऐप, जानिए कैसे करे रिजस्ट्रेशन

June 28, 2025

बिहार में मोबाइल से वोट डालने की शुरुआत…लॉन्च हुआ e-voting ऐप, जानिए कैसे करे रिजस्ट्रेशन

नेशनल डेस्क : बिहार राज्य चुनाव आयोग ने एक बड़ी पहल करते हुए घोषणा की है कि 28 जून 2025 को छह नगर निगमों में होने वाले चुनावों में पहली बार मोबाइल के जरिए ई-वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। यह एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है ताकि उन लोगों को वोटिंग का मौका मिल सके जो किसी वजह से मतदान केंद्र नहीं पहुंच पाते। पटना के तीन, रोहतास और पूर्वी चंपारण के दो-दो नगर निगमों में यह सुविधा लागू होगी। इस नई तकनीक का मकसद वोटिंग को ज़्यादा आसान, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…

कौन लोग कर सकेंगे ई-वोटिंग?

आपको बता दें कि यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए शुरू की गई है जो मतदान केंद्र तक आने में असमर्थ होते हैं। इनमें बुजुर्ग लोग, दिव्यांग व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं, गंभीर रूप से बीमार लोग और प्रवासी श्रमिक शामिल हैं। चुनाव आयुक्त दीपक प्रसाद ने बताया कि अब तक 10,000 लोगों ने ई-वोटिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है और कुल 50,000 मतदाता इस प्रक्रिया से मोबाइल पर ही वोट डाल पाएंगे।

कैसे काम करता है ई-वोटिंग सिस्टम?

दरअसल, ई-वोटिंग एक ऐसी तकनीक पर आधारित है जो पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाए रखने में मदद करती है। इसमें ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होता है, जो यह सुनिश्चित करती है कि हर वोट सही तरीके से रिकॉर्ड हो और उसे बदला न जा सके। वोट डालने से पहले मतदाता का चेहरा स्कैन किया जाएगा जिससे उसकी पहचान पक्की की जा सके। इसके अलावा OCR यानी ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकॉग्निशन तकनीक से डाले गए वोटों की गिनती सटीक रूप से की जाएगी। यह प्रणाली बिल्कुल उसी तरह काम करती है जैसे मतदान केंद्रों पर VVPAT के ज़रिए वोट की पर्ची निकलती है, ताकि भविष्य में ज़रूरत पड़ने पर ऑडिट किया जा सके।

ई-वोटिंग की सुरक्षा के इंतज़ाम

चुनाव आयोग ने यह सुनिश्चित किया है कि ई-वोटिंग से जुड़ी कोई धोखाधड़ी न हो। एक मोबाइल नंबर से केवल दो ही लोग लॉग-इन कर सकते हैं। हर वोट को मतदाता के पहचान पत्र से मिलाकर उसकी वैधता की पुष्टि की जाएगी। साथ ही, सभी डाटा को डिजिटल सुरक्षा तकनीकों से सुरक्षित रखा गया है। चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित है और इसमें किसी तरह की गड़बड़ी की कोई संभावना नहीं है।

ई-वोटिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

जो लोग मोबाइल से वोट देना चाहते हैं, उनके लिए बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने एक आसान प्रक्रिया तैयार की है। सबसे पहले, आपको अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन पर ‘e-SECBHR’ नाम का ऐप डाउनलोड करना होगा। फिर आपको अपना मोबाइल नंबर दर्ज करके उसे वेरीफाई करना होगा। यह नंबर वही होना चाहिए जो मतदाता सूची में दर्ज हो। इसके बाद, ऐप के ज़रिए चेहरे की पहचान और दस्तावेजों की जांच पूरी की जाएगी। एक बार पंजीकरण पूरा हो जाने के बाद, आप चुनाव के दिन मोबाइल ऐप से ही अपने वोट का इस्तेमाल कर सकेंगे। आयोग ने यह भी बताया है कि ऐप को इतना आसान बनाया गया है कि पहली बार इस्तेमाल करने वाले लोग भी बिना किसी परेशानी के इसे चला सकें।

बिहार में मोबाइल के जरिए वोट डालने की यह शुरुआत न सिर्फ एक तकनीकी बदलाव है, बल्कि यह लोकतंत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है। इससे उन लाखों लोगों को भी मतदान का अधिकार मिलेगा जो पहले मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाते थे। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल होता है, तो भविष्य में पूरे राज्य और देश में भी इसे अपनाया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें