Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘आतंकियों ने धर्म देखकर लोगों की जान ली, हमने कर्म देखकर उनका खात्मा किया’, बोले राजनाथ सिंह

May 15, 2025

‘आतंकियों ने धर्म देखकर लोगों की जान ली, हमने कर्म देखकर उनका खात्मा किया’, बोले राजनाथ सिंह

नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। उन्होंने श्रीनगर स्थित बादामी बाग छावनी में भारतीय सेना के जवानों को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके जवाब में चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर खुलकर बात की। राजनाथ सिंह ने साफ कहा, “पाकिस्तानी आतंकियों ने हमला करते समय धर्म देखा और बेगुनाह लोगों की जान ली, लेकिन हमने जवाब देते समय कर्म देखकर उनका खात्मा किया। हमने आतंकी मंशा को पहचान कर कार्रवाई की, न कि किसी धर्म या समुदाय के आधार पर।”

पाकिस्तान पर तंज: IMF से भीख मांगता है
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान की आर्थिक हालत पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “जहां पाकिस्तान खड़ा होता है, वहीं से भीख मांगने वालों की लाइन शुरू होती है। अभी फिर से वह IMF से कर्ज़ मांगने गया है। वहीं हमारा भारत, अब IMF को फंड देता है ताकि गरीब देशों की मदद की जा सके।”

सेना को संदेश: मैं एक डाकिया बनकर आया हूं
रक्षा मंत्री ने कहा कि वे केवल एक रक्षा मंत्री नहीं बल्कि पूरे देश की भावनाओं को लेकर आए हैं। उन्होंने कहा, “मैं यहां एक डाकिया बनकर आया हूं – पूरे देश की शुभकामनाएं, प्यार और गर्व आपके लिए लेकर। देश को आप पर गर्व है।”

पाक के परमाणु हथियार IAEA के हवाले हों: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि पाकिस्तान जैसे गैरजिम्मेदार देश के पास परमाणु हथियार होना पूरी दुनिया के लिए खतरा है। राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं दुनिया से पूछता हूं, क्या ऐसे देश के पास परमाणु हथियार सुरक्षित हैं? मैं चाहता हूं कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को अंतरराष्ट्रीय निगरानी (IAEA) में लिया जाए।”

जम्मू-कश्मीर के लोगों की हिम्मत को सलाम
राजनाथ सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के आम लोगों की प्रतिक्रिया को भी सराहा। रक्षा मंत्री ने कहा, “जिस तरह यहां के लोगों ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा दिखाया, मैं उन्हें सलाम करता हूं। उन्होंने यह साबित किया कि आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है।”

शहीदों को नमन, घायलों को सलाम
रक्षा मंत्री ने अंत में शहीद जवानों और नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और घायल जवानों के लिए जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “जो वीर जवान आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हुए, उन्हें मेरा नमन।पहलगाम में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि और घायलों को सलाम।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें