Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मोदी अडानी भाई भाई’, लिखा बैग लेकर संसद पहुंची प्रियंका गांधी… भाई राहुल ने कह दी ये बात

December 10, 2024

‘मोदी अडानी भाई भाई’,  लिखा बैग लेकर संसद पहुंची प्रियंका गांधी… भाई राहुल ने कह दी ये बात

Winter Session ; नई दिल्ली : संसद का शीतकालीन सत्र तो जारी है पर वह सुचारू रूप से नहीं चल पा रही हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी-नोकझोंक लगातार बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस पार्टी अडानी मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रही है, वहीं सत्ता पक्ष बीजेपी इसका पूरी तरह से विरोध कर रही है। इस पर लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने दोनों पक्षों से संसद सत्र को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग करने की अपील की है। वहीं आज संसद का सत्र हंगामें की वजह से फिर से स्थगित कर दिया गया है। इसी बाच आज सत्र के दौरान वायनाड से सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मोदी-अडानी भाई-भाई लिखा हुआ बैग लेकर संसद भवन पहुंची।

प्रियंका गांधी संसद में ‘मोदी-अडानी भाई-भाई’ बैग लेकर पहुंचीं

दरअसल,  आज भी कांग्रेस के नेता अडानी मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान प्रियंका गांधी संसद में एक बैग लेकर पहुंचीं, जिस पर ‘मोदी-अडानी भाई-भाई’ लिखा हुआ था। यह बैग देखकर उनके भाई राहुल गांधी की भी प्रतिक्रिया सामने आई। वहीं आज संसद का सत्र हंगामें की वजह से फिर से स्थगित कर दिया गया है। प्रियंका गांधी के बैग को देखकर राहुल गांधी ने कहा, “यह काफी क्यूट है।” उनके इस बयान से साफ था कि वे अपने भाई की तरह प्रियंका के इस प्रदर्शन पर हल्का-फुल्का मजाक कर रहे थे। राहुल गांधी का यह बयान चर्चा का विषय बन गया।

प्रियंका गांधी का बयान: अडानी पर चर्चा से डर रही है BJP

जब संसद की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित हो गई, तो प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सदन में कोई चर्चा नहीं हो रही है। वे (बीजेपी) अडानी मुद्दे पर चर्चा करने से डर रहे हैं। मैं संसद में नई हूं, लेकिन प्रधानमंत्री अभी तक संसद में दिखाई नहीं दिए। हमें इस मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं करनी चाहिए?” प्रियंका गांधी का यह बयान यह दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार से अडानी मामले पर खुलकर चर्चा करने की मांग कर रही है, लेकिन बीजेपी इस पर चुप्पी साधे हुए है।

संसद नहीं चलने दे रही है BJP

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया, “यह देश का दुर्भाग्य है कि सत्ताधारी पार्टी संसद को चलने नहीं दे रही है। इससे देश को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। संसद का उद्देश्य मुद्दों पर चर्चा करना होता है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि सत्ताधारी पार्टी ही सदन की कार्यवाही में बाधा डाल रही है।” कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी अडानी मुद्दे पर चर्चा से बचने के लिए सदन की कार्यवाही को रोकने की कोशिश कर रही है।

भाजपा पर झूठे आरोप लगाने का आरोप

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब बीजेपी सरकार ही सदन को चलने नहीं दे रही है, तो फिर कोई क्या कर सकता है? वे झूठे आरोप लगा रहे हैं। सोनिया गांधी जॉर्ज सोरोस को नहीं जानतीं।” राजीव शुक्ला ने इस बात को लेकर भी नाराजगी जाहिर की कि सरकार मुद्दों पर चर्चा की बजाय झूठे आरोपों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें