Site icon Dainik Savera Times

महिला आरक्षण कानून 2024 की जनगणना के बाद लागू किया जाएगा : केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण

कर्नाटक। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि केंद्र 2024 की जनगणना के बाद महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए कदम उठाएगा। दक्षिण कन्नड़ जिले के मूडबिदरी में शुक्रवार को रानी अब्बक्का के नाम पर स्मारक डाक टिकट जारी करने के बाद सीतारमण ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक हकीकत बन गया है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर हमेशा यकीन जताया है। पुर्तगाली शासन के खिलाफ लड़ने वाली उल्लाल की 16वीं सदी की रानी अब्बक्का के साहस और वीरता की सराहना करते हुए सीतारमण ने कहा कि केंद्र सरकार ने शाही ताकतों के खिलाफ लड़ने वाले गुमनाम सेनानियों के योगदान को पहचान देने के लिए कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तौर पर सरकार ने 14,500 कहानियों का एक डिजिटल जिला कोष बनाया है जिसमें स्वतंत्रता संघर्ष से जुड़े स्थानों का जिक्र है। वित्त मंत्री ने उम्मीद जतायी कि तटीय कर्नाटक में रानी अब्बक्का के नाम पर एक सैनिक स्कूल खोला जाएगा। उन्होंने स्मारक डाक टिकट के वास्ते इस्तेमाल किए गए रानी अब्बक्का के चित्र के लिए कलाकार वासुदेव कामत को बधाई दी।

Exit mobile version