Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘हां, आतंकी गुटों के साथ पाकिस्तान के संबंध रहे’, रक्षा मंत्री के बाद अब बिलावल भुट्टो का कबूलनामा

May 2, 2025

‘हां, आतंकी गुटों के साथ पाकिस्तान के संबंध रहे’, रक्षा मंत्री के बाद अब बिलावल भुट्टो का कबूलनामा

इंटरनेशनल डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने दुनिया के सामने कबूल किया है कि पाकिस्तान आतंकवाद को पालता-पोसता है। वह आतंकियों का पनाहगार है। पाकिस्तान का इतिहास आतंकवाद से भरा रहा है। पूर्व विदेश मंत्री ने स्वीकार किया कि आतंकी गुटों के साथ पाकिस्तान के संबंध रहे हैं। बिलावल भुट्टो का यह बयान पाकिस्तान रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की टिप्पणी के बाद आया है। रक्षा मंत्री ने आतंकी गुटों को फंडिंग और समर्थन देने की बात कबूली थी।

बिलावल भुट्टो का बयान
गुरूवार को स्काई न्यूज के साथ बातचीत में बिलावल भुट्टो ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवाद से जुड़ा इतिहास किसी से छिपा नहीं है, और इस इतिहास का असर पाकिस्तान पर पड़ा है। भुट्टो ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान ने आतंकवादियों का समर्थन किया था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने अब इस समस्या से निपटने के लिए आंतरिक सुधार किए हैं और अब यह अतीत की बात है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान अब आतंकवाद के साथ नहीं है और वर्तमान में पाकिस्तान शांति चाहता है। हालांकि, उन्होंने यह चेतावनी दी कि अगर भारत पाकिस्तान को उकसाता है, तो पाकिस्तान युद्ध के लिए तैयार है।

पाकिस्तान ने आतंकवादियों को समर्थन दिया: ख्वाजा 
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद कहा था कि पाकिस्तान में आतंकवादी समूहों का पनाहगाह है। उन्होंने यह भी माना कि पाकिस्तान का इस तरह के आतंकवादी संगठनों से जुड़ा हुआ अतीत रहा है। ख्वाजा आसिफ ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान ने कई वर्षों तक आतंकवादियों को समर्थन दिया है, खासतौर से सोवियत संघ के खिलाफ युद्ध के दौरान और 9/11 के बाद अमेरिकी नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष के दौरान। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान की बड़ी गलती थी और उसकी कीमत अब पाकिस्तान को चुकानी पड़ रही है।

पहलगाम हमले का असर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इस हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले के पीछे पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा का हाथ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें