Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Youtuber Jyoti Malhotra पांच दिन की पुलिस रिमांड पर, पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

May 17, 2025

Youtuber Jyoti Malhotra पांच दिन की पुलिस रिमांड पर, पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार

नेशनल डेस्क: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से जुड़े जासूसी नेटवर्क के खिलाफ देश की सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। पंजाब और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त अभियान में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें हिसार की मशहूर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का नाम सबसे अहम है। ज्योति की गिरफ्तारी पंजाब के मलेरकोटला से पकड़ी गई गजाला नामक महिला से पूछताछ के बाद हुई, जिसमें जासूसी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।

ज्योति मल्होत्रा पर जासूसी और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का गंभीर आरोप है। वह अपने ट्रैवल यूटय़ूब चैनल के लिए जानी जाती हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

डीएसपी कमलजीत का बयान 
डीएसपी कमलजीत ने बताया, ‘कल (शुक्रवार को) हमें मिली सूचना के आधार पर हमने हरीश कुमार की बेटी ज्योति को ऑफिशियलसीक्रेटएक्ट और बीएनएस की धारा 152 के तहत गिरफ्तार किया है। उसका मोबाइल और लैपटॉप बरामद होने के बाद कुछ संदिग्ध चीजें मिली हैं। हमने उसे पांच दिन की रिमांड पर लिया है। आगे की जांच जारी है। वह लगातार एक पाकिस्तानी नागरिक के संपर्क में थी।‘

तीन बार पाकिस्तान गई ज्योति 
मिली जानकारी के मुताबिक, ज्योति पिछले दो वर्षों में तीन बार पाकिस्तान, एक बार चीन, और यूएई, बांग्लादेश, भूटान और थाईलैंड की यात्र कर चुकी हैं। जांच में पता चला कि दो साल पहले वह पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी दानिश के संपर्क में आई थीं। पाकिस्तान यात्रा के दौरान ज्योति ने वहां के खुफिया अधिकारियों और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से मुलाकात की। भारत लौटने के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर संवेदनशील जानकारी साझा की और पाकिस्तान की सकारात्मक छवि बनाने का प्रयास किया।

मलेरकोटला से साथी गिरफ्तार 
पंजाब पुलिस ने मलेरकोटला से गजाला और उसके साथी यामीन मोहम्मद को गिरफ्तार किया। गजाला ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसका काम दानिश से पैसे लेकर जासूसों तक पहुंचाना था, जबकि यामीन भी दानिश के संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि ज्योति ने न केवल गोपनीय सूचनाएं लीक कीं, बल्कि आईएसआई के इशारे पर भारत के खिलाफ प्रचार भी किया। उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए कुछ वीडियो में संदिग्ध कंटेंट की भी जांच की जा रही है।

गजाला की गिरफ्तारी के बाद हुआ पर्दाफाश 
पुलिस के मुताबिक, गजाला की गिरफ्तारी के बाद इस जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। गजाला ने पूछताछ में कई अन्य जासूसों के नाम उजागर किए, जिसके आधार पर ज्योति को हिसार से हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब ज्योति के बैंक खातों, यात्रा विवरण और उनके संपर्क में रहे लोगों की गहन जांच करेगी। इसके साथ ही, अन्य संदिग्धों की तलाश के लिए पंजाब और हरियाणा में छापेमारी तेज कर दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें