Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया… NDA की प्रचंड जीत पर बोले पीएम मोदी

November 14, 2025

बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया… NDA की प्रचंड जीत पर बोले पीएम मोदी

नेशनल डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उनके भाषण में बिहार की जनता, युवा, महिलाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा झलकता दिखा।

बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया- प्रधानमंत्री मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार चुनाव में ऐसे मतदान किए कि सारी उम्मीदें और रिकॉर्ड टूट गए। उन्होंने कहा, “ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास… बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम तो जनता के सेवक हैं और जनता जनार्दन का दिल जीत लिया है। इसलिए बिहार ने फिर एक बार एनडीए को सत्ता में लाने का फैसला सुनाया है।”

 

बिहार ने विकसित और समृद्ध राज्य के लिए वोट दिया

प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान बिहार से रिकॉर्ड मतदान की अपील की थी, और जनता ने उनकी यह बात मानकर ऐतिहासिक मतदान किया। उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों ने विकसित बिहार, समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। 2010 के बाद एनडीए को इतना बड़ा जनादेश कभी नहीं मिला। मैं बिहार की महान जनता को नमन करता हूँ और विनम्रता से उनका धन्यवाद करता हूं।”

नया ‘MY फॉर्मूला’: महिला + युवा

पीएम मोदी ने अपने भाषण में एक नया ‘MY फॉर्मूला’ पेश किया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने चुनाव में ‘MY’ का मतलब Muslim–Yadav समझकर तुष्टिकरण की राजनीति की, लेकिन बिहार की जनता ने उसे नकार दिया। उन्होंने कहा, “आज की जीत ने नया सकारात्मक MY फॉर्मूला दिया है- महिला और युवा। बिहार देश के सबसे युवा राज्यों में है। सभी धर्मों, जातियों और समुदायों के युवाओं ने पुराने ‘MY’ फॉर्मूले को खत्म कर दिया है।”

 

अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे चुनाव प्रचार में ‘जंगलराज’ और ‘कट्टा सरकार’ की बात करते थे, जिस पर राजद प्रतिक्रिया नहीं देता था लेकिन कांग्रेस को तकलीफ होती थी। पीएम मोदी ने दोहराया, “आज मैं फिर कहता हूं- अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार।”

यह सिर्फ एनडीए की नहीं, लोकतंत्र में विश्वास की जीत है

अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीत केवल एनडीए की नहीं, बल्कि पूरे भारतीय लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों की जीत है। उन्होंने कहा, “इस चुनाव ने यह भी साबित किया कि जनता का विश्वास चुनाव आयोग पर पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है। लगातार बढ़ता मतदान प्रतिशत लोकतंत्र का उत्सव है और आयोग की बड़ी उपलब्धि भी।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें