Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Epstein Files मामले में बड़ी कार्रवाई, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार

February 19, 2026

Epstein Files मामले में बड़ी कार्रवाई, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू गिरफ्तार

नई दिल्ली। एपस्टीन फाइल में नाम सामने आने के बाद अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है। ब्रिटेन के राजा किंग चार्ल्स के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू को UK पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को ब्रिटेन की स्पेशल पुलिस ने पूर्वी इंग्लैंड के सैंड्रिंघम एस्टेट के वुड फार्म से उन्हें हिरासत में लिया। बताया गया है कि पुलिस के आठ अधिकारी सादे कपड़ों में वहां पहुंचे थे। जिस दिन उन्हें गिरफ्तार किया गया, उसी दिन वे 66 साल के हुए थे।

गिरफ्तारी की वजह क्या बताई जा रही है?
प्रिंस एंड्रयू पर आरोप है कि उन्होंने यौन अपराधी रहे जेफरी एपस्टीन को कुछ सरकारी और गोपनीय दस्तावेज दिए थे। पुलिस इसी मामले की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर कौन-कौन से संवेदनशील दस्तावेज एपस्टीन तक पहुंचे और उनकी जानकारी कैसे लीक हुई। हालांकि, एंड्रयू इन सभी आरोपों को लगातार नकारते रहे हैं। इन विवादों के चलते उन्होंने अक्टूबर 2025 में “ड्यूक ऑफ यॉर्क” की उपाधि छोड़ने की घोषणा की थी। यह ब्रिटिश शाही परिवार की एक बहुत प्रतिष्ठित उपाधि मानी जाती है।

पुलिस का आधिकारिक बयान आया सामने
थेम्स वैली पुलिस ने एक बयान में कहा कि 19 फरवरी को नॉरफॉक के लगभग 66 वर्षीय एक व्यक्ति को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के शक में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बर्कशायर और नॉरफॉक में कुछ स्थानों पर तलाशी भी ली है। गिरफ्तार व्यक्ति फिलहाल हिरासत में है। कानूनी नियमों के तहत पुलिस ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है। चूंकि मामला जांच के अधीन है, इसलिए मीडिया और जनता से अपील की गई है कि खबर प्रकाशित करते समय अदालत की अवमानना से बचें।

कौन हैं प्रिंस एंड्रयू?
प्रिंस एंड्रयू, स्वर्गीय क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप की तीसरी संतान हैं। वे ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार क्रम में आठवें स्थान पर हैं। वे किंग चार्ल्स III और प्रिंसेस एनी के छोटे भाई हैं। उनकी शादी सारा फर्ग्युसन से हुई थी, जो शादी के बाद डचेज ऑफ यॉर्क कहलाती थीं। बाद में दोनों का तलाक हो गया।

एपस्टीन मामले से कैसे जुड़ा नाम?
जेफरी एपस्टीन से जुड़े सेक्स स्कैंडल में नाम आने के बाद प्रिंस एंड्रयू ने खुद को सार्वजनिक जीवन से अलग कर लिया था। अमेरिका में दायर एक सिविल मुकदमे में उनका नाम सामने आया। अदालत में पेश दस्तावेजों में वर्जीनिया गिफ्रे नाम की महिला ने दावा किया कि वह सेक्स ट्रैफिकिंग की शिकार रही है। उसका आरोप था कि एपस्टीन ने 16 साल की उम्र से उसका शोषण किया। उसने यह भी कहा कि एपस्टीन उसे कई प्रभावशाली लोगों के पास ले जाता था, जिनमें प्रिंस एंड्रयू भी शामिल थे।

प्रिंस एंड्रयू पर क्या आरोप लगे?
वर्जीनिया गिफ्रे ने आरोप लगाया कि जब वह नाबालिग थी, तब प्रिंस एंड्रयू ने तीन बार उसका यौन शोषण किया। हालांकि, एंड्रयू ने इन आरोपों को हमेशा खारिज किया है। उनका कहना है कि वे उस महिला से कभी मिले ही नहीं। फिर भी, साल 2011 में दोनों की एक साथ खड़ी तस्वीर सार्वजनिक हुई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया था। 15 फरवरी 2022 को यह जानकारी सामने आई कि एंड्रयू और गिफ्रे के बीच अदालत के बाहर लगभग 12 मिलियन यूरो में समझौता हो गया था।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें