Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

FIITJEE के खिलाफ बड़ा एक्शन, 190 शिकायतों के बाद दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला

March 13, 2025

FIITJEE के खिलाफ बड़ा एक्शन, 190 शिकायतों के बाद दर्ज हुआ धोखाधड़ी का मामला

नेशनल डेस्क : दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा EOW ने देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान FIITJEE के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि दिल्ली पुलिस के द्वारा यह कार्रवाई दिल्ली के पूर्वी क्षेत्र, प्रीत विहार के FIITJEE सेंटर से जुड़ी 190 शिकायतों के बाद की गई है। दरअसल, जनवरी 2025 में अचानक प्रीत विहार सेंटर को बंद कर दिया गया था, जिसके बाद छात्रों और उनके अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं अब दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। आइए जातने है इस खबर को विस्तार से…

190 शिकायतों का मामला

आपको बता दें कि FIITJEE के खिलाफ अब तक 190 शिकायतें पुलिस के पास आ चुकी हैं। इन शिकायतों में छात्रों और अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि FIITJEE संस्थान ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने FIITJEE के निदेशक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 120B (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है।

EOW को क्यों सौंपा गया मामला?

आपको बता दें कि शुरुआत में फरवरी 2025 में पुलिस को 35 शिकायतें मिली थीं, जो बाद में बढ़कर 190 हो गईं। इन शिकायतों को पहले पूर्वी दिल्ली पुलिस के पास दर्ज कराया गया था, लेकिन मामले में बड़ी रकम के लेन-देन और विस्तृत जांच की आवश्यकता महसूस की गई। इसलिए शिकायतों को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दिया गया, ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

FIITJEE के खिलाफ अन्य शहरों में भी मामले

बता दें कि FIITJEE के खिलाफ केवल दिल्ली में ही नहीं, बल्कि अन्य शहरों जैसे भोपाल और गाज़ियाबाद, नोएडा में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच एक डीसीपी-स्तरीय अधिकारी की देखरेख में की जा रही है। जल्द ही FIITJEE के निदेशक और अन्य संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

बैंक खातों से जब्त की गई रकम

इस मामले में एक महत्वपूर्ण घटना फरवरी में घटी, जब ग्रेटर नोएडा पुलिस ने FIITJEE के संस्थापक दिनेश गोयल से जुड़े 12 बैंक खातों से 11.11 करोड़ रुपये जब्त किए। इस घटनाक्रम से यह साफ होता है कि इस मामले में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है और मामला गंभीर हो सकता है। FIITJEE के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला अब गंभीर रूप ले चुका है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मामले की जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। यह मामला FIITJEE संस्थान के लिए एक बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है, और इससे जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें