इंटरनेशनल डेस्क: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ रहा तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों देश शांति समझौते की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान की ओर से लगातार अफगान इलाके में हमले किए जा रहे हैं।
रात में घुसकर की बमबारी
सोमवार देर रात पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान के अंदर घुसकर हमला किया। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बताया कि हमला खोस्त प्रांत के गोरबुज जिले के मुगलगई इलाके में हुआ। एक घर को निशाना बनाकर बम गिराया गया। इसमें 9 बच्चों और 1 व्यक्ति की मौत हो गई। मरने वालों में 5 लड़के और 4 लड़कियां शामिल हैं यह हमला रात करीब 12 बजे हुआ।
अन्य इलाकों में भी एयरस्ट्राइक
मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तान ने कुनाक, पक्तिका इलाकों में भी हवाई हमला किया है। इन हमलों में 4 नागरिक घायल हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया
अफगानिस्तान में अमेरिका के पूर्व राजदूत जालमे खलीलजाद ने इन हमलों की निंदा करते हुए मृतकों के लिए दुख जताया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की हत्या किसी भी समस्या का हल नहीं। पाकिस्तान और अफगानिस्तान को बातचीत से समाधान निकालना चाहिए। युद्ध जैसी स्थिति दोनों देशों के लिए खतरनाक है।
खलीलजाद ने यह भी बताया कि तुर्किये का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस्लामाबाद और काबुल जाएगा। उद्देश्य दोनों देशों में मध्यस्थता कर शांति स्थापित करने का है, बाद में अंकारा में एक निगरानी कार्यालय बनाया जा सकता है। इसमें तुर्किये, कतर, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के अधिकारी तैनात रहेंगे। ये केंद्र दोनों देशों के बीच समझौते की निगरानी और विवाद समाधान करेगा।