Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bomb Threat : शिरडी के साईं बाबा मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरातफरी… पुलिस अलर्ट पर

May 4, 2025

Bomb Threat : शिरडी के साईं बाबा मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरातफरी… पुलिस अलर्ट पर

Sai Baba Temple Bomb Threat : महाराष्ट्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिरडी में स्थित साईं बाबा मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बता दें कि बीते दिनों लगातार बम से जुड़ी धमकियां देखने को मिल रही हैं। इस बीच अब देश के बड़े मंदिरों में से एक शिरडी के साईं बाबा मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद हड़कंप मच गया है। बता दें यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। मामला सामने आते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मंदिर परिसर की गहन तलाशी ली, हालांकि अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

ई-मेल के जरिए भेजी गई धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिरडी के साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें मंदिर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। जैसे ही यह जानकारी ट्रस्ट अधिकारियों तक पहुंची, उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र की गहन जांच-पड़ताल शुरू की।

सीईओ ने दी जानकारी

श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर ने बताया कि ई-मेल मिलते ही ट्रस्ट के सुरक्षा स्टाफ ने पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया। “हमने पूरी सतर्कता बरती और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती। तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है,” उन्होंने कहा।

इस धमकी की जांच में जुटी पुलिस

देशभर से लाखों श्रद्धालु साईं बाबा के दर्शन के लिए शिरडी पहुंचते हैं। ऐसे में इस प्रकार की धमकी ने प्रशासन की चिंताओं को बढ़ा दिया है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। पुलिस इस धमकी की जांच में जुटी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था में बढ़ोतरी

घटना के बाद शिरडी में सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और ट्रस्ट की ओर से संयुक्त रूप से निगरानी रखी जा रही है, वहीं मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे और बम डिटेक्शन यूनिट्स भी तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें