Site icon Dainik Savera Times

Amazon का Pennsylvania में बड़ा निवेश: दो डेटा सेंटर परियोजनाओं पर खर्च करेगी 20 अरब डॉलर

हैरिसबर्ग: तकनीकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन ने अमेरिका में अपने क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी की योजना पेंसिल्वेनिया में दो अत्याधुनिक डेटा सेंटर परिसरों के निर्माण पर 20 अरब अमेरिकी डॉलर खर्च करने की है। यह निवेश न केवल राज्य में तकनीकी बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देगा, बल्कि हजारों रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।

कंपनी के अनुसार, इन दो परिसरों में से एक को उत्तरपूर्वी पेंसिल्वेनिया में सुस्केहाना परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास स्थापित किया जाएगा। यह संयंत्र प्रत्यक्ष ऊर्जा आपूर्ति की योजना को लेकर संघीय जांच के दायरे में है, फिर भी अमेजन वहां से डेटा सेंटर को बिजली देने का इरादा रखती है। दूसरा परिसर फेयरलेस हिल्स स्थित कीस्टोन ट्रेड सेंटर में विकसित किया जाएगा, जो कभी यूएस स्टील मिल हुआ करता था। यहां बिजली की आपूर्ति पारंपरिक ग्रिड प्रणाली के जरिए की जाएगी।

-अमेजन उपाध्यक्ष केविन मिलर ने दी जानकारी

अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) के वैश्विक डेटा सेंटर संचालन के उपाध्यक्ष केविन मिलर ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को जानकारी देते हुए बताया कि यह परियोजना राज्य के तकनीकी विकास और स्थायी ऊर्जा लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगी।

-AI और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती वैश्विक मांग

इस निवेश के पीछे मुख्य कारण कृत्रिम मेधा (AI) और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती वैश्विक मांग है। अमेजन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के बीच तेज होती प्रतिस्पर्धा के बीच AWS अपनी उपस्थिति और सेवाओं की गति को बढ़ाने के लिए अमेरिका के विभिन्न हिस्सों में लगातार निवेश कर रही है।

गौरतलब है कि 2024 की शुरुआत से ही अमेजन ने मिसिसिपी, इंडियाना, ओहायो और नॉर्थ कैरोलिना में भी इसी तरह की परियोजनाओं के लिए प्रति राज्य करीब 10-10 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है।

-10 अरब डॉलर होगी अनुमानित लागत

इस बीच, माइक्रोसॉफ्ट भी पेंसिल्वेनिया में बंद पड़े थ्री माइल आइलैंड परमाणु संयंत्र को फिर से चालू करने के लिए एक 20 वर्षीय ऊर्जा आपूर्ति समझौते पर पहले ही हस्ताक्षर कर चुकी है। वहीं राज्य के सबसे बड़े कोयला आधारित बिजली संयंत्र के मालिकों ने इसे एक प्राकृतिक गैस चालित डेटा सेंटर परिसर में बदलने की योजना जाहिर की है, जिसकी अनुमानित लागत 10 अरब डॉलर होगी। पेंसिल्वेनिया राज्य प्रशासन इस तकनीकी और औद्योगिक बदलाव को राज्य की आर्थिक प्रगति के एक नए युग की शुरुआत के रूप में देख रहा है।

ये भी पढ़ें- Parliament Budget Session Live: ‘वेस्ट एशिया में हालात चिंताजनक’, लोकसभा में बोले पीएम मोदी

Exit mobile version