Site icon Dainik Savera Times

बिहार के सारण में 8 फरवरी तक सोशल मीडिया साइट्स पर प्रतिबंध

पटना: बिहार के सारण जिला में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या के बाद भड़की हिंसा के बाद पुलिस शांति व्यवस्था कायम करने में जुटी है। इधर, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने या किसी तरह की अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए सारण जिले में 8 फरवरी तक सोशल मीडिया साइट्स और मैसेजिंग एप्लिकेशन पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध लगा दिया।

राज्य सरकार के गृह विभाग के आदेश के मुताबिक यह प्रतिबंध 6 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 8 फरवरी को रात्रि 11 बजे तक जारी रहेगा। मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में विजय यादव के मुर्गा फॉर्म में तीन दिन पहले मुर्गी चोरी के आरोप में तीन युवकों की जमकर पिटाई की गई थी। इस पिटाई में अमितेश कुमार सिंह की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कथित तौर पर इस घटना का वीडियो वायरल होने का बाद कुछ ग्रामीण आक्रोशित हो गए आरोपी के घर भीड़ की शक्ल में पहुंचकर हंगामा करने लगे और आगजनी की। कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई।

पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने बताया कि इस मामले में कार्तव्यहीनता के आरोप में थाना प्रभारी देवानंद को निलंबित कर दिया गया है। क्षेत्र में तथा क्षेत्र के आस पास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इधर, अपर पुलिस महानिदेशक जे के गंगवार ने बताया कि इस मामले में तीन अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें हत्या के मामले में जहां तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है वहीं उपद्रव मचाने के आरोप में भी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस अधिकारी, सोनपुर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। इधर, लोगों से अफवाह नहीं फैलाने की भी अपील करते हुए कहा कि दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। भीड़ को उकसाने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

ये भी पढ़ें: पॉलिटेक्निक में 12 नए तकनीकी कोर्स शामिल, देखें और रहें अपडेट

 

 

 

Exit mobile version