Dainik Savera Times

शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में गिरावट… जानिए Sensex और Nifty के हाल

Decline in Stock Market

Decline in Stock Market: मुंबई : हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान प्रमुख सूचकांकों बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की सतर्कता और वैश्विक संकेतों की अनिश्चितता ने बाजार की दिशा को प्रभावित किया।

बीएसई सेंसेक्स 252.97 अंक की गिरावट के साथ 82,277.77 पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 67.6 अंक टूटकर 24,994.50 अंक पर कारोबार करता देखा गया। यह लगातार दूसरा सत्र रहा जब बाजार में दबाव नजर आया।

-आईटी और बैंकिंग शेयरों पर दबाव

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से कई दिग्गज शेयरों ने कमजोर प्रदर्शन किया। भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। आईटी और बैंकिंग सेक्टर पर विशेष दबाव देखने को मिला, जिससे निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

-कुछ शेयरों में दिखी मजबूती

हालांकि गिरावट के इस माहौल में भी कुछ कंपनियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयरों में बढ़त देखी गई, जिसने बाजार को आंशिक रूप से संभालने का प्रयास किया।

Decline in Stock Market
Decline in Stock Market

-वैश्विक बाजारों से मिले मिले-जुले संकेत

एशियाई बाजारों में भी उतार-चढ़ाव जारी रहा। शंघाई एसएसई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्केई 225 नुकसान में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी हरे निशान में नजर आया। वहीं, अमेरिका के अधिकतर बाजार गुरुवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए, लेकिन इसका असर भारतीय बाजारों पर सीमित रहा।

-तेल कीमतों में मामूली तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई। शुक्रवार को यह 0.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 64.58 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। तेल की कीमतों में यह उछाल भारतीय बाजारों के लिए चिंता का विषय बन सकता है क्योंकि इससे आयात लागत बढ़ने की संभावना रहती है।

-एफआईआई का निवेश बना सहारा

बावजूद इसके, विदेशी निवेशकों ने गुरुवार को बाजार में भरोसा जताया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने शुद्ध रूप से 5,392.94 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। हालांकि, इसका सकारात्मक असर शुक्रवार की सुबह के कारोबार में पूरी तरह परिलक्षित नहीं हुआ।

Exit mobile version