Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

DMart की पैरेंट कंपनी को 685 करोड़ का जबरदस्त मुनाफा, सोमवार को बाजार में मचेगी हलचल

October 12, 2025

DMart की पैरेंट कंपनी को 685 करोड़ का जबरदस्त मुनाफा, सोमवार को बाजार में मचेगी हलचल

नई दिल्ली: रिटेल सेक्टर की प्रमुख कंपनी Avenue Supermarts Ltd, जो कि सुपरमार्केट चेन DMart का संचालन करती है। बता दें कि इस कंपनी ने सितंबर तिमाही (Q2 FY26) के जबरदस्त वित्तीय नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने इस तिमाही में 684.85 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो सालाना आधार पर 3.85% की वृद्धि को दर्शाता है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह मुनाफा 659.44 करोड़ रुपये था।

मजबूत हुआ रेवेन्यू, बढ़ा खर्च भी

कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू इस तिमाही में 15.45% की वृद्धि के साथ 16,676.30 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल 14,444.50 करोड़ रुपये था। हालांकि, लागत भी बढ़ी है कुल खर्च 16% उछलकर 15,751.08 करोड़ रुपये हो गया। इसके बावजूद, कुल आय (Total Income) 16,695.87 करोड़ रुपये रही, जो कि सालाना आधार पर 15.3% अधिक है।

PAT मार्जिन में हल्की गिरावट

इस तिमाही में PAT मार्जिन (Profit After Tax Margin) 4.1% रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 4.6% था। हालांकि, कंपनी ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है और इसका प्रमुख कारण मजबूत बिक्री और स्टोर नेटवर्क का विस्तार रहा है।

स्टोर नेटवर्क में लगातार विस्तार

Avenue Supermarts के सीईओ अंशुल असावा ने बताया कि कंपनी ने इस तिमाही में 8 नए स्टोर्स लॉन्च किए हैं। इस तरह 30 सितंबर 2025 तक DMart स्टोर्स की कुल संख्या बढ़कर 432 हो गई है। उन्होंने यह भी बताया कि दो साल या उससे पुराने स्टोर्स की बिक्री में भी 6.8% की बढ़त दर्ज की गई है।

सरकार द्वारा हाल में GST दरों में की गई कटौती के बाद, कंपनी ने इसका सीधा लाभ ग्राहकों को दिया है, जिससे ग्राहक संतुष्टि और ब्रांड वफादारी को मजबूती मिली है।

बाजार में DMart के शेयर पर नजर

कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के बाद सोमवार को शेयर बाजार में Avenue Supermarts के शेयर निवेशकों की नजर में रहेंगे। शुक्रवार को शेयर 4319.70 रुपये पर बंद हुआ, दिन में एक समय यह 4365 रुपये तक पहुंच गया था। स्टॉक का 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 4916.30 रुपये और न्यूनतम स्तर 3337.10 रुपये रहा है।

ये भी पढ़ें: Earthquake: तुर्की में फिर महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें