Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Earthquake: तुर्की में फिर महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग

March 13, 2026

Earthquake: तुर्की में फिर महसूस हुए भूकंप के तेज झटके, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग

Türkiye Earthquake: तुर्की के मध्य क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। देश की आपदा प्रबंधन एजेंसी AFAD के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई। इसका केंद्र तोकात प्रांत के निकसार इलाके में था और यह लगभग 6.4 किलोमीटर की गहराई पर आया।

एजेंसी के मुताबिक भूकंप सुबह करीब 3:35 बजे आया और इसके झटके आसपास के कई प्रांतों में भी महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि अचानक आए झटकों से लोग काफी घबरा गए और ठंड के बावजूद कई लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

डर के कारण घरों के बाहर रहे लोग

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि भूकंप के बाद कई लोग काफी देर तक अपने घरों में लौटने से डरते रहे। कुछ लोग सड़कों पर ही खड़े रहे, जबकि कई लोग अपनी गाड़ियों में बैठकर हालात सामान्य होने का इंतजार करते दिखाई दिए।

ये भी पढ़ें :

दरअसल तुर्की कई सक्रिय भूकंपीय फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, इसलिए यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। साल 2023 में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप ने तुर्की में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 53 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। उस विनाशकारी आपदा में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व के 11 प्रांतों में हजारों इमारतें ढह गई थीं। इसके असर से पड़ोसी देश सीरिया के उत्तरी इलाकों में भी लगभग 6 हजार लोगों की जान गई थी।

भूकंप के दौरान रखें ये सावधानियां

विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप के समय घबराने के बजाय सावधानी बरतना बेहद जरूरी होता है। ऐसी स्थिति में “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड ऑन” तकनीक अपनाने की सलाह दी जाती है। यानी तुरंत नीचे झुकें, किसी मजबूत टेबल या डेस्क के नीचे शरण लें और उसे पकड़कर रखें।

यदि आसपास कोई सुरक्षित जगह न हो तो दीवार के कोने में बैठकर अपने सिर और गर्दन को हाथों से ढक लें। भूकंप के दौरान लिफ्ट, सीढ़ियों, खिड़कियों या दरवाजों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। अगर आप बाहर हैं तो खुले स्थान पर रहें और इमारतों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। झटके पूरी तरह थमने के बाद ही सुरक्षित स्थान की ओर जाएं।

ये भी देखें :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें