East Bengal vs Al-Hussein: भारतीय फुटबॉल क्लब ईस्ट बंगाल ने एएफसी चैंपियंस लीग टू 2026-27 में शानदार वापसी करते हुए जॉर्डन की मजबूत टीम अल-हुसैन एससी को 1-0 से हरा दिया। बीते दिन कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए ग्रुप डी मुकाबले में जेकसन सिंह ने 87वें मिनट में निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल ने टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं।
जेकसन सिंह ने आखिरी मिनटों में दिलाई जीत
मुकाबले में अल-हुसैन एससी का दबदबा देखने को मिला और जॉर्डन की टीम ने लगातार ईस्ट बंगाल पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, भारतीय क्लब ने रक्षात्मक मजबूती दिखाते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का मौका नहीं दिया।
मैच के 87वें मिनट में जेकसन सिंह ने करीब से शानदार गोल करके ईस्ट बंगाल को 1-0 की बढ़त दिलाई। आखिर तक यह बढ़त कायम रही और टीम ने महत्वपूर्ण तीन अंक अपने नाम कर लिए।
ग्रुप डी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा ईस्ट बंगाल
इस सीजन में एएफसी चैंपियंस लीग टू में ईस्ट बंगाल की यह पहली जीत है। इससे पहले टीम दो मुकाबले ड्रॉ खेल चुकी थी और दो में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
ताजा जीत के बाद ईस्ट बंगाल पांच अंकों के साथ ग्रुप डी में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। अल-हुसैन एससी के भी पांच अंक हैं।
वहीं इराक की अल-शॉर्टा चार मैचों में 10 अंक हासिल करके अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। ओमान की अल-सीब चार अंकों के साथ ग्रुप में सबसे नीचे है।
ये भी पढ़ें…
8 दिसंबर को अल-शॉर्टा से होगा आखिरी मुकाबला
ईस्ट बंगाल अब 8 दिसंबर को अल-शॉर्टा एससी के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला खेलेगा। टीम की नजर इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करके राउंड ऑफ 16 में जगह बनाने पर होगी। ग्रुप की शीर्ष दो टीमें ही अगले दौर में प्रवेश करेंगी।