Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व मध्य रेलवे ने एक दिन में वसूला 54 लाख रुपये का जुर्माना

March 23, 2023

पूर्व मध्य रेलवे ने एक दिन में वसूला 54 लाख रुपये का जुर्माना

नई दिल्ली : भारतीय रेलवे इन दिनों नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के प्रति सख्ती बरत रहा है। इसी सिलसिले में बिना टिकट वाले यात्रियों पर रेलवे जमकर जुर्माना वसूल रहा है। भारतीय रेलवे द्वारा समय समय पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में पूर्व मध्य रेलवे ने भी बिना टिकट यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के खिलाफ विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाते हुए केवल समस्तीपुर रेलमंडल में ही एक दिन में रेल यात्रियों से 54 लाख रुपये चालान के माध्यम से वसूले। इस अभियान में 7289 रेल यात्री पकड़े गए। जिन्हें समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर, सीतामढ़ी आदि स्टेशनों पर मुख्य रूप से पकड़ा गया और चालान वसूला गया।

जानकारी के अनुसार पूर्व मध्य रेलवे द्वारा इन स्टेशनों पर 21 मार्च को सुबह 6 बजे से रात्रि के 10 बजे तक 16 घंटे के मेगा टिकट चेकिंग अभियान में 152 टिकट चेकिंग स्टाफ को अलग-अलग टीम बनाकर स्टेशन एवं ट्रेनों में तैनात किया गया था। इस दौरान टीम ने बिना टिकट यात्रा करने वाले 7289 यात्रियों को पकड़ा। हालांकि पिछले दिनों टिकट चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे के चेन्नई डिवीजन के तीन टिकट चेकर्स ने अपने आप में एक रिकॉर्ड भी कायम किया। रेलवे के अनुसार रोजलिन अरोकिया मैरी ने अपनी ड्यूटी करते हुए 1.03 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला है। इसके साथ ही वह रेलवे में सबसे अधिक कमाई करने वाली महिला टिकट चेकिंग कर्मचारी बन गई।

वहीं उप मुख्य टिकट निरीक्षक एस. नंद कुमार ने बिना टिकट यात्रा करने वाले 27,787 व्यक्तियों से 1.55 करोड़ रुपए का उच्चतम जुर्माना वसूल किया है, जोकि रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है। इसके साथ ही शक्तिवेल, वरिष्ठ टिकट परीक्षक, जो दक्षिण रेलवे की टीम के एक पेशेवर बास्केटबॉल खिलाड़ी भी हैं, उन्होंने “एक करोड़ क्लब” में शामिल होकर 1.10 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया है।

ये भी पढ़ें: Himachal: मंडी में रिश्ते कलंकित, भाई ने सगी बहन से किया दुष्कर्म, इस तरह हुआ खुलासा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें