नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री आर के सिंह ने कहा कि सरकार हरित हाइड्रोजन के उत्पादन में भारत को प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सभी उपाय करेगी। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को कहा गया कि बिजली, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री ने 19 अक्टूबर को हरित हाइड्रोजन उत्पादकों के साथ एक बैठक के दौरान यह बात कही।
सिंह ने कहा, एकल एकीकृत ग्रिड और बड़ी नवीकरणीय क्षमता के साथ, भारत दुनिया में हरित हाइड्रोजन का सबसे सस्ता उत्पादन कर सकता है। हम हरित हाइड्रोजन के उत्पादन में भारत को प्रतिस्पर्धी बनाने और राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन (एनजीएचएम) में तय लक्षय़ों को हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। बैठक का मकसद विकासकर्ताओं के सामने आने वाले मुद्दों को समझना था। मंत्री ने उद्योग को आश्वासन दिया कि सरकार उनके मुद्दों के जल्द से जल्द समाधान के लिए हर संभव कदम उठाएगी।

