Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

धनतेरस पर जा रहे हैं सोना खरीदने…तो पहले जान लें आज के नए रेट

November 10, 2023

धनतेरस पर जा रहे हैं सोना खरीदने…तो पहले जान लें आज के नए रेट

 

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े सोने के उपभोक्ता देश भारत में दिवाली से पहले धनतेरस पर सोने तथा चांदी की खरीदारी शुक्रवार को सोने की कीमतों में नरमी के साथ उपभोक्ता मांग में सुधार के चलते सकारात्मक रही। सोने का भाव 28 अक्टूबर को 63,000 रुपये के उच्चतम स्तर से 800-1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट) तक गिर गया। इससे धनतेरस पर खरीदारी को बढ़ावा मिला जिसे हिन्दू पंचांग में कीमती धातुओं से लेकर अन्य वस्तुओं की खरीद के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है।

कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने की बिक्री पिछले साल के स्तर को पार कर जाएगी। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें 400 रुपये गिरकर 60,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गईं। दिल्ली में 2022 में धनतेरस के दिन सोने की कीमतें करों को छोड़कर 50,139 रुपये प्रति 10 ग्राम थीं। सामान्य वर्षों में धनतेरस के दिन करीब 20-30 टन सोने की बिक्री होती है। कारोबारियों ने कहा कि दोपहर 12 बजे के बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जो देर रात तक जारी रहेगी।

द्रिकपंचांग के अनुसार, धनतेरस पर चांदी तथा सोना खरीदने का सबसे अच्छा मुहूर्त शुक्रवार को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट बजे शुरू होगा और 11 नवंबर को दोपहर एक बजकर 57 मिनट पर समाप्त होगा। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (जीजेसी) के निदेशक दिनेश जैन ने कहा, ‘‘ सोने की कीमतें कारोबार के लिए अनुकूल हैं। हम आज अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं। हमें उपभोक्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और ग्राहकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि हीरे की कीमतें गिरने से युवा पीढ़ी हल्के वजन के आभूषण खरीद रही है और कुछ लोग सोने तथा चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं। मुंबई स्थित पीएम शाह एंड कंपनी ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक जैन ने कहा, ‘‘ हमें इस धनतेरस पर अच्छी बिक्री की उम्मीद है। बिक्री कैसी रही यह शाम तक ही पता चल पाएगा।’पीएम शाह एंड कंपनी ज्वैलर्स की पांच दुकानें हैं।ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वैलरी ट्रेड फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन मनीष जैन ने कहा, ‘‘ दाम कम हुए हैं और उपभोक्ता मांग बढ़ी है।

ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है।’’ उन्होंने कहा कि उपभोक्ता सोने तथा चांदी के सिक्के और यहां तक कि पूजा के लिए चांदी के बर्तन भी खरीद रहे हैं। एक्सिस सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटीज) देवेया गगलानी ने कहा कि पिछले साल धनतेरस के बाद से सोने ने निफ्टी 50 के रिटर्न को आसानी से पछाड़ते हुए करीब 20 प्रतिशत का शानदार रिटर्न दिया है।

ये भी पढ़ें: 15 से 20 मई तक यूरोप दौरे पर रहेंगे PM मोदी, आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को मजूबत करना उद्देश्य

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें