
नई दिल्ली: देश में आज से लागू हुई नई GST स्लैब (GST 2.0) का सीधा फायदा आम आदमी को मिला है। कार बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां एंट्री-लेवल कारों की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे न सिर्फ कार खरीदना पहले से आसान हो गया है, बल्कि भारत की सबसे सस्ती कारों की लिस्ट में भी बदलाव हो गया है।
अब Maruti Alto K10 को पीछे छोड़ते हुए Maruti S-Presso देश की सबसे किफायती कार बन गई है, जिसकी नई कीमत मात्र ₹3.49 लाख से शुरू हो रही है। आइए जानते हैं वो 5 कारें जो अब ₹5 लाख से कम में आपके गैराज की शोभा बन सकती हैं:
1. Maruti S-Presso – 3.49 लाख से शुरू
GST में करीब 18% की कटौती के बाद Maruti S-Presso अब देश की सबसे सस्ती कार बन चुकी है। पहले इसके STD (O) वैरिएंट की कीमत ₹4.26 लाख थी, जो अब घटकर ₹3.49 लाख रह गई है। यानी ग्राहकों को मिल रहा है लगभग ₹76,600 का सीधा फायदा। कॉम्पैक्ट साइज, SUV जैसी ऊंचाई और शानदार माइलेज इसे शहरी ग्राहकों के लिए बेस्ट ऑप्शन बनाते हैं।
2. Maruti Alto K10 – 3.69 लाख से शुरू
पहले पायदान पर रहने वाली Alto K10 अब दूसरे नंबर पर आ गई है। इसकी कीमत में ₹53,100 की कटौती हुई है। अब इसका STD (O) वैरिएंट ₹4.23 लाख की बजाय ₹3.69 लाख में उपलब्ध है। Alto K10 अपने सिंपल डिजाइन, बढ़िया फ्यूल एफिशिएंसी और कम मेंटेनेंस कॉस्ट के कारण अब भी छोटे परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है।
3. Renault Kwid – 4.29 लाख से शुरू
SUV जैसा लुक देने वाली Renault Kwid अब देश की तीसरी सबसे सस्ती कार है। GST कटौती के बाद इसके 1.0 RXE वैरिएंट की कीमत ₹4.69 लाख से घटकर ₹4.29 लाख हो गई है। यानी ग्राहक ₹40,000 तक की बचत कर सकते हैं। इसकी हाई ग्राउंड क्लीयरेंस और यंग डिज़ाइन इसे खास बनाते हैं।
4. Tata Tiago – 4.57 लाख से शुरू
बेहतर बिल्ड क्वालिटी और आकर्षक डिजाइन के लिए मशहूर Tata Tiago अब चौथे स्थान पर है। इसके बेस XE वैरिएंट की कीमत अब ₹4.99 लाख से घटकर ₹4.57 लाख हो चुकी है। कुल मिलाकर ग्राहक ₹42,500 तक की बचत कर रहे हैं। Tiago एक सेफ, स्टाइलिश और परफॉर्मेंस-फ्रेंडली कार मानी जाती है।
5. Maruti Celerio – 4.69 लाख से शुरू
Maruti की एक और लोकप्रिय कार Celerio अब ₹5 लाख के बजट में फिट हो गई है। पहले इसकी शुरुआती कीमत ₹5.64 लाख थी, जो अब घटकर ₹4.69 लाख हो गई है। यानी लगभग ₹94,100 की भारी कटौती, जो इसे और ज्यादा आकर्षक बनाती है। Celerio उन ग्राहकों के लिए बढ़िया ऑप्शन है जो ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन और ज्यादा फीचर्स की चाह रखते हैं।
क्या कहता है बाजार?
GST 2.0 लागू होने के बाद कार डीलरशिप्स पर खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। कार एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह बदलाव फेस्टिव सीजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर को नया बूस्ट देगा। अगर आप एक बजट फ्रेंडली नई कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो ये समय आपके लिए सबसे उपयुक्त हो सकता है।
ये भी पढ़ें: कूनो नेशनल पार्क में ‘ज्वाला’ ने 5 शावकों को दिया जन्म, भारत में चीतों की संख्या 53 हुई