Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत की 26 प्रमुख रियल्टी कंपनियों ने सितंबर तिमाही में बेचीं 35,000 करोड़ की संपत्तियां 

November 24, 2024

भारत की 26 प्रमुख रियल्टी कंपनियों ने सितंबर तिमाही में बेचीं 35,000 करोड़ की संपत्तियां 
नयी दिल्ली: भारत की 26 प्रमुख सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों ने जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान लगभग 35,000 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची हैं। इनमें गोदरेज प्रॉपर्टीज ने सबसे अधिक बिक्री बुकिंग की है। शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों के अनुसार, 26 प्रमुख सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों ने संयुक्त रूप से चालू वित्त वर्ष की (जुलाई-सितंबर) दूसरी तिमाही में 34,985 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की है।
बिक्री बुकिंग का बड़ा हिस्सा आवासीय क्षेत्र से आया है।बिक्री बुकिंग के मामले में, सबसे ऊपर गोदरेज प्रॉपर्टीज ने जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान 5,198 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की। लोढ़ा ब्रांड के तहत संपत्तियां बेचने वाली मुंबई स्थित मैक्रोटेक डेवलपर्स लिमिटेड ने समीक्षाधीन तिमाही के दौरान 4,290 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की।
दिल्ली-एनसीआर स्थित मैक्स एस्टेट्स ने 4,100 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेचीं, जबकि बेंगलुरु स्थित प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स लिमिटेड ने तिमाही के दौरान 4,022.6 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की। दिल्ली-एनसीआर स्थित सिग्नेचर ग्लोबल ने सितंबर तिमाही में 2,780 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग हासिल की। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी रियल्टी कंपनी डीएलएफ लिमिटेड की बिक्री बुकिंग जुलाई-सितंबर अवधि के दौरान तेजी से घटकर 692 करोड़ रुपये रह गई, क्योंकि कंपनी ने कोई नई आवासीय परियोजना शुरू नहीं की।
अन्य प्रमुख सूचीबद्ध खिलाड़ियों में, बेंगलुरु स्थित ब्रिगेड एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर अवधि के दौरान 1,821 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की सूचना दी, जबकि मुंबई स्थित ओबेरॉय रियल्टी ने 1,442.46 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की।
मुंबई स्थित आदित्य बिड़ला रियल एस्टेट ने 1,412 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेचीं।
बेंगलुरु स्थित पुरवणकारा लिमिटेड और सोभा लिमिटेड ने क्रमश? 1,331 करोड़ रुपये और 1,178.5 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की।
 दिल्ली स्थित टीएआरसी लिमिटेड ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और सितंबर तिमाही के दौरान 1,012 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें