मुंबई: भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को हल्की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। सैंसेक्स 84.11 अंक (0.10%) बढ़कर 84,562.78 पर और निफ्टी 30.90 अंक (0.12%) चढ़कर 25,910.05 पर बंद हुआ। वैश्विक दबाव के बावजूद बिहार चुनाव रुझानों में एनडीए की बढ़त को बाजार की मजबूती का कारण माना जा रहा है। सरकारी बैंकिंग शेयरों ने तेजी का नेतृत्व किया। निफ्टी पीएसयू बैंक 1.17% की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी फार्मा 0.59%, एफएमसीजी 0.57%, फाइनेंशियल सर्विसेज 0.35%, एनर्जी 0.20% और इन्फ्रा 0.19% चढ़े। निफ्टी ऑटो 0.52%, आईटी 1.03%, मेटल 0.89% और कमोडिटी 0.29% की गिरावट के साथ बंद हुए।
सैंसेक्स पैक में जोमैटो, बीईएल, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, एसबीआई, बजाज फाइनैंस, सन फार्मा और आईटीसी गेनर रहे, जबकि इन्फोसिस, टाटा स्टील, मारुति, टेक महिंद्रा और टाइटन लूजर रहे। निफ्टी मिडकैप 100 47 अंकों की हल्की बढ़त के साथ 60,739.20 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 68.85 अंक (0.38%) बढ़कर 18,252.50 पर बंद हुआ। सेंट्रम ब्रोकिंग के निलेश जैन के अनुसार निफ्टी लगातार पांच सत्रों से मजबूती दिखा रहा है। उनका कहना है कि इंडेक्स 26,000 के ऊपर निकलता है तो 26,200 और आगे 26,500 तक जा सकता है। शुक्रवार सुबह बाजार की शुरूआत कमजोरी के साथ हुई थी, लेकिन बाद में रिकवरी देखने को मिली।

