Site icon Dainik Savera Times

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.31 अरब डॉलर बढ़कर 686.14 अरब डॉलर पर पहुंचा

मुंबई: देश का विदेशी मुद्रा भंडार 18 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में 8.31 अरब डॉलर बढक़र 686.14 अरब डॉलर हो गया। आरबीआई ने शुक्रवार को बताया कि लगातार सातवें सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि हुई है। इसके पहले 11 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में कुल विदेशी मुद्रा भंडार 1.57 अरब डॉलर बढक़र 677.83 अरब डॉलर हो गया था। सितंबर, 2024 में विदेशी मुद्रा भंडार बढक़र 704.89 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 18 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 3.52 अरब डॉलर बढक़र 578.49 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 4.57 अरब डॉलर बढक़र 84.57 अरब डॉलर हो गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 21.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.57 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 70 लाख डॉलर बढक़र 4.51 अरब डॉलर हो गया।

ये भी पढ़ें- रोहित शेट्टी की पोस्ट ने बढ़ाई हलचल, फायरिंग घटना के बाद जिंदगी को लेकर कह डाली ये बड़ी बात 

Exit mobile version