Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Internet in Flight: फ्लाइट में फ्री Wi-Fi की सुविधा देगी टाटा की विस्तारा एयरलाइन्स, जानें प्लान और कीमत

July 28, 2024

Internet in Flight: फ्लाइट में फ्री Wi-Fi की सुविधा देगी टाटा की विस्तारा एयरलाइन्स, जानें प्लान और कीमत

नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की विस्तारा एयरलाइन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्री वाई-फाई सुविधा देने वाली पहली भारतीय एयरलाइन बन गई है। शनिवार को एयरलाइन की ओर से यह जानकारी दी गई। विस्तारा द्वारा दी गई जानकारी में कहा गया कि एयरलाइन की ओर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 20 मिनट की फ्री वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। एयरलाइन ने आगे कहा कि 20 मिनट के फ्री वाई-फाई की सुविधा कंप्लीमेंट्री होगी।

इसकी मदद से यात्री आसानी से अपने प्रियजनों के साथ यात्रा के दौरान जुड़े रह सकते हैं। वहीं, ज्यादा समय तक वाई-फाई उपयोग करने के लिए भारतीय क्रेडिट और डेबिट कार्ड से प्लान खरीदने होंगे। यह सर्विस बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर और एयरबस ए321नियो एयरक्राप्ट पर उपलब्ध होगी। इसमें ग्राहक ईमेल पर आए ओटीपी की मदद से इनफ्लाइट वाई-फाई का उपयोग कर सकते हैं।

विस्तारा के चीफ कमर्शियल ऑफिसर (सीसीओ), दीपक राजावत ने कहा कि हमें विश्वास है कि ग्राहक हमारे इस प्रयास को पसंद करेंगे। इससे उनकी यात्रा पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक होगी। बिजनेस क्लास और विस्तारा प्लेटिनम क्लब के सदस्यों को 50 एमबी कंप्लीमेंट्री वाई-फाई दिया जाएगा। एयरलाइन ने कहा कि गैर-सदस्यों को अनलिमिटेड डेटा के साथ व्हाट्सएप जैसे मैसेजिंग ऐप उपयोग करने के लिए 372.74 रुपये के साथ जीएसटी का भुगतान करना होगा।

उड़ान के दौरान इंटरनेट सर्फिंग, सोशल मीडिया और वेब के उपयोग के लिए 1,577.54 रुपये समेत जीएसटी चुकाना होगा। वहीं, अनलिमिटेड डेटा के साथ सभी स्ट्रीमिंग का उपयोग करने के लिए 2,707.04 रुपये समेत जीएसटी का भुगतान करना होगा। विस्तारा ने आगे कहा कि एयरलाइन में फ्लाइट के दौरान 700 घंटों का इन-फ्लाइट इंटरटेनमेंट पैकेज ऑफर किया जाता है। इसमें मूवी, टीवी शो और ऑडियो टाइटल्स शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: MP: बरगी डैम में 30 पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 4 की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें