Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश में प्रमुख बंदरगाहों ने 2022-23 में रिकॉर्ड 79.5 करोड़ टन माल संभाला

April 21, 2023

देश में प्रमुख बंदरगाहों ने 2022-23 में रिकॉर्ड 79.5 करोड़ टन माल संभाला

नई दिल्ली: देश के प्रमुख बंदरगाहों ने 2022-23 में 79.5 करोड़ टन माल संभाला, जो अब तक का सर्वाधिक है। बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में सचिव सुधांश पंत ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लगभग 5,000 करोड़ रुपये के लेनदेन के साथ पोत परिवहन मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए तय 3,700 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति को बाजार पर चढ़ाने (मौद्रिकरण) के लक्ष्य को पार कर लिया है।

पंत ने यह भी कहा कि अगले सप्ताह बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भारत के बंदरगाहों को हरा-भरा बनाने के लिए ‘हरित बंदरगाह’ की शुरुआत करेंगे। पंत ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”हमारे प्रमुख बंदरगाहों ने बीते वित्त वर्ष में अब तक सर्वाधिक 79.5 करोड़ टन माल को संभाला है। यह पिछले साल की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है।”

देश के 12 प्रमुख बंदरगाह – दीनदयाल (कांडला), मुंबई, मुरगांव, न्यू मैंगलोर, कोचीन, चेन्नई, एन्नोर (कामराजार), तूतीकोरिन (वी ओ चिदंबरनार), विशाखापत्तनम, पारादीप, कोलकाता (हल्दिया सहित) और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह हैं। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह (कोलकाता), दीनदयाल बंदरगाह जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह और पारादीप बंदरगाह ने रिकार्ड कार्गो संभाला। पंत ने यह भी कहा कि अंतर्देशीय जल मार्गों के जरिये माल परिवहन समेत रखरखाव 16 प्रतिशत बढक़र 12.6 करोड़ टन रहा जो 2021-22 में 10.9 करोड़ टन था।

ये भी पढ़ें : Milk Price Hike: इस राज्य में 4 रुपये बढ़ा दूध का दाम, जानें कितने में मिलेगा 1 लीटर

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें