Site icon Dainik Savera Times

आरबीआई के फैसले से बाजार निराश, सेंसेक्स-निफ्टी एक फीसदी लुढ़का

मुंबई: रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नीतिगत दरों को लगातार छठी बार यथावत रखने के फैसले से निराश निवेशकों की चौतरफा बिकवाली से आज सेंसेक्स और निफ्टी लगभग एक फीसदी तक लुढ़क गए। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 723.57 अंक का गोता लगाकर 71,428.43 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 212.55 अंक की गिरावट लेकर 21,717.95 अंक रह गया। हालांकि बीएसई का मिडकैप 0.08 प्रतिशत की बढ़त लेकर 39,895.42 अंक हो गया जबकि स्मॉलकैप 0.44 प्रतिशत लुढ़ककर 46,279.83 अंक पर आ गया।

इस दौरान बीएसई में कुल 3945 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2204 में बिकवाली जबकि 1636 में लिवाली हुई वहीं 105 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 34 कंपनियों में गिरावट जबकि 15 में तेजी रही वहीं एक के भाव स्थिर रहे। विश्लेषकों के अनुसार, आरबीआई ने आर्थिक गतिविधियों में जारी तेजी एवं महंगाई पर कड़ी नजर रखते हुये लगातार छठी बार नीतिगत दर को यथावत रखने का फैसला किया। इससे ब्याज दरों में कमी की उम्मीद लगाये बाजार को निराशा हाथ लगी और बाजार में जमकर बिकवाली हुई।


इससे बीएसई के 12 समूह लुढ़क गए। इस दौरान कमोडिटीज 1.13, सीडी 0.46, एफएमसीजी 2.00, वित्तीय सेवाएं 1.46, इंडस्ट्रियल्स 0.27, ऑटो 0.94, बैंकिंग 1.80, कैपिटल गुड्स 0.67, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.45, धातु 0.04, रियल्टी 0.73 और सर्विसेज समूह के शेयर 0.34 प्रतिशत लुढ़क गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी का रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.24, जर्मनी का डैक्स 0.13, जापान का निक्केई 2.06 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 1.28 प्रतिशत चढ़ गया जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 1.27 गिर गया।

ये भी पढ़ें: 15 से 20 मई तक यूरोप दौरे पर रहेंगे PM मोदी, आर्थिक और रणनीतिक रिश्तों को मजूबत करना उद्देश्य

Exit mobile version