Site icon Dainik Savera Times

होटल कारोबार वाली नई कंपनी का बहीखाता होगा मजबूत: ITC chairman

कोलकाता: आईटीसी लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अलग होने वाले होटल कारोबार का बहीखाता मजबूत होगा और वह कर्ज-मुक्त भी होगा। पुरी ने विश्लेषकों के साथ चर्चा में कहा कि होटल कारोबार के लिए अलग कंपनी गठित होने के बाद वह जरूरत होने पर कर्ज, इक्विटी या रणनीतिक निवेशकों से पूंजी जुटा पाएगी।
उन्होंने कहा कि नई कंपनी का निदेशक मंडल ही यह तय करेगा कि इस तरह की पूंजी की कब जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नई कंपनी कम पूंजी जरूरत वाले मॉडल पर काम करेगी। विविध कारोबारों में सक्रिय आईटीसी के निदेशक मंडल ने 24 जुलाई की बैठक में होटल कारोबार को अलग कर उसके लिए अलग कंपनी बनाने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी।
इस होटल कंपनी को बाद में शेयर बाजार में भी सूचीबद्ध किया जाएगा। पुरी ने कहा, आईटीसी इस कंपनी में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ अपना निवेश जारी रखेगा। होटल कंपनी का मजबूत बहीखाता होगा और यह कर्ज-मुक्त भी होगी। नई कंपनी के परिचालन में स्थायित्व होगा और उसे आईटीसी की संस्थागत मजबूती से भी समर्थन मिलेगा।
ये भी पढ़ें : Milk Price Hike: इस राज्य में 4 रुपये बढ़ा दूध का दाम, जानें कितने में मिलेगा 1 लीटर
Exit mobile version