Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑनलाइन पैसा भेजने में अब नहीं होगी गड़बड़ी, लाभार्थी के बैंक खाते के सत्यापन की मिलेगी सुविधा

December 31, 2024

ऑनलाइन पैसा भेजने में अब नहीं होगी गड़बड़ी, लाभार्थी के बैंक खाते के सत्यापन की मिलेगी सुविधा

मुंबई: आरबीआई ने ऑनलाइन पैसा अंतरित करने में होने वाली गड़बड़ी को रोकने के लिए कदम उठाया है। इसके तहत केंद्रीय बैंक ने भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम से एक ऐसी सुविधा विकसित करने को कहा है जिससे आरटीजीएस और एनईएफटी का उपयोग करने वाले ग्राहकों को उस बैंक खाते के नाम को सत्यापित करने की अनुमति मिल सके जिसमें पैसा भेजा जा रहा है। ये व्यवस्था 1 अप्रैल 2025 से प्रभाव में आएगी। रिजर्व बैंक ने एक परिपत्र में कहा कि ‘रियल टाइम ग्रॉस सेटलमैंट’ (आरटीजीएस) यानी वास्तविक समय पर भुगतान से जुड़ी प्रणाली और ‘राष्ट्रीय इलैक्ट्रॉनिक कोष अंतरण’ (एनईएफटी) प्रणाली से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े सभी बैंकों को सलाह दी जाती है कि वे 1 अप्रैल 2025 से पहले यह सुविधा प्रदान करें।

वर्तमान में एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) और तत्काल भुगतान सेवा (आईएमपीएस) व्यवस्था के तहत पैसा भेजने वालों को प्रक्रिया शुरू करने से पहले लाभार्थी के नाम को सत्यापित करने की सुविधा है। आरबीआई ने एक ऐसी ही सुविधा स्थापित करने का निर्णय लिया है। इससे आरटीजीएस या एनईएफटी प्रणाली का उपयोग करके लेनदेन शुरू करने से पहले पैसा भेजने वाले को लाभार्थी के बैंक खाते के नाम को सत्यापित करने की सुविधा मिलेगी। आरबीआई ने भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) को यह सुविधा विकसित करने और सभी बैंकों को इसमें शामिल करने की सलाह दी है।

इसमें कहा कि जो बैंक आरटीजीएस और एनईएफटी प्रणाली के भागीदार हैं, वे अपने ग्राहकों को इंटरनैट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराएंगे। ये सुविधा लेनदेन करने के लिए बैंक शाखाओं में आने वाले व्यक्तियों के लिए भी उपलब्ध होगी। इस सुविधा के जरिए पैसा भेजने वालों की तरफ से दर्ज लाभार्थी की खाता संख्या और आईएफएससी के आधार पर बैंक के ‘कोर बैंकिंग सॉल्यूशन’ (सीबीएस) से लाभार्थी के खाते का नाम प्राप्त किया जाएगा।

ये भी देखें : एआई के बढ़ते प्रभाव के बीच आईटी नौकरियों पर संकट, मेटा-माइक्रोसॉफ्ट की नई छंटनी तैयारी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें