Site icon Dainik Savera Times

Paytm App 29 फरवरी के बाद भी हमेशा की तरह करता रहेगा काम : CEO Vijay Shekhar Sharma

नई दिल्लीः वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि डिजिटल भुगतान एवं सेवा ऐप पेटीएम काम कर रहा है और 29 फरवरी के बाद भी यह हमेशा की तरह काम करता रहेगा। वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (ओसीएल) के संस्थापक एवं सीईओ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि कंपनी पूर्ण अनुपालन के साथ देश की सेवा करने को प्रतिबद्ध है।

शर्मा ने कहा, कि ‘पेटीएम इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों के लिए..आपका पसंदीदा ऐप काम कर रहा है और 29 फरवरी के बाद भी इसी तरह काम करता रहेगा।’’ वन97 कम्युनिकेशंस के पास पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (पीपीबीएल) में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी है लेकिन वह इसे अपनी सहयोगी के रूप में वर्गीकृत करता है, अनुषंगी कंपनी के रूप में नहीं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को किसी भी ग्राहक खाते, प्रीपेड साधन, वॉलेट एवं फास्टैग में 29 फरवरी 2024 के बाद जमा या टॉप-अप स्वीकार न करने का बुधवार को निर्देश दिया था। इसके बाद से कंपनी के शेयर में लगातार गिरावट आ रही है।

शर्मा ने कहा, कि ‘मैं पेटीएम दल के प्रत्येक सदस्य के साथ आपके निरंतर समर्थन के लिए आपको सलाम करता हूं। हर चुनौती का समाधान होता है और हम पूर्ण अनुपालन के साथ ईमानदारी से देश की सेवा करने को प्रतिबद्ध हैं। भारत भुगतान नवाचार तथा वित्तीय सेवाओं में समावेशन में वैश्विक प्रशंसा हासिल करता रहेगा जिसमें ‘पेटीएम करो’ का सबसे अधिक योगदान होगा..’’ पेटीएम पेमेंट्स बैंक ने बृहस्पतिवार को कहा था कि आरबीआई के आदेश से कंपनी के वार्षकि परिचालन लाभ पर 300-500 करोड़ रुपए का असर पड़ने की आशंका है क्योंकि उसके ग्राहक अपने वॉलेट, फास्टैग आदि में पैसे नहीं डाल पाएंगे।

ये भी पढ़ें: पांच दिन के दौरे पर शिमला पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और सीएम सुक्खू ने किया जोरदार स्वागत

Exit mobile version