Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

पांच दिन के दौरे पर शिमला पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और सीएम सुक्खू ने किया जोरदार स्वागत

April 27, 2026

पांच दिन के दौरे पर शिमला पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और सीएम सुक्खू ने किया जोरदार स्वागत

नेशनल डेस्क: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पांच दिन के दौरे पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंच गई हैं। उनके शिमला पहुंचने पर मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्री अनिरुद्ध सिंह और सांसद सुरेश कश्यप समेत कई गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रपति का पूरा कार्यालय अस्थायी रूप से शिमला से ही काम करेगा। राष्ट्रपति सचिवालय की सभी जरूरी फाइलें और कामकाज यहीं से संचालित होंगे।

छराबड़ा में ठहरेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति का ग्रीष्मकालीन निवास शिमला के पास छराबड़ा में स्थित है, जहां वे अपने प्रवास के दौरान रहेंगी। पहले उनका दौरा 27 अप्रैल से 2 मई तक तय था, लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव के बाद वह 1 मई को दिल्ली लौटेंगी। सोमवार को उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं रखा गया है और वह इस दिन अपनी बेटी और नातिनों के साथ समय बिताएंगी।

ये भी पढ़ें: भारत और न्यूजीलैंड ने साइन किया FTA, ये उत्पाद समझौते से रहेंगे बाहर

हेलीकॉप्टर से पहुंचीं शिमला

राष्ट्रपति सुबह करीब 11:30 बजे चंडीगढ़ हवाई अड्डे से भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रवाना हुईं और करीब 12:05 बजे मशोबरा के कल्याणी हेलीपैड पर उतरीं। वहां से सड़क मार्ग के जरिए लगभग 10 मिनट में अपने निवास पहुंच गईं। उनके काफिले के गुजरने के दौरान सुरक्षा कारणों से रास्ते में यातायात भी रोका गया।

लोक भवन में होगा रात्रि भोज

28 अप्रैल को लोक भवन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगे।

पालमपुर और अटल सुरंग का दौरा

अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति पालमपुर भी जाएंगी। यहां वे चाय के बागानों का निरीक्षण करेंगी और कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके अलावा वह सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल रोहतांग सुरंग का भी दौरा करेंगी।

सेना अधिकारियों से करेंगी मुलाकात

शिमला दौरे के दौरान राष्ट्रपति सेना प्रशिक्षण कमान का भी दौरा करेंगी और सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। उनके इस दौरे को देखते हुए पूरे शिमला में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर में करीब 1000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें: Bengal Election 2026: ‘मां-माटी-मानुष का वादा भूली सरकार’, टीएमसी पर पीएम मोदी का हमला

खानपान की खास तैयारी

राष्ट्रपति मुर्मु के भोजन को लेकर भी खास इंतजाम किए गए हैं। उन्हें साग और करेला पसंद है, इसलिए राष्ट्रपति निवास के खेतों में उगी सब्जियों से ही भोजन तैयार किया जाएगा। साथ ही मेहमानों के लिए पारंपरिक हिमाचली धाम भी परोसी जाएगी, जिसे राज्य पर्यटन विकास निगम की टीम तैयार करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें