Power Bank Buying Guide: आजकल स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और ईयरबड्स का इस्तेमाल लगभग हर कोई करता है। ऐसे में बाहर रहते समय अगर इनकी बैटरी खत्म हो जाए तो परेशानी हो सकती है। इस समस्या से बचने के लिए पावर बैंक काफी काम आता है। हालांकि, बाजार में कई तरह के पावर बैंक उपलब्ध हैं, इसलिए खरीदते समय सही विकल्प चुनना जरूरी है। अगर बिना जानकारी के गलत पावर बैंक खरीद लिया जाए, तो पैसे खर्च करने के बाद भी उसका पूरा फायदा नहीं मिल पाता।
पावर बैंक की क्षमता पर दें ध्यान
पावर बैंक खरीदते समय उसकी बैटरी क्षमता जरूर देखें। आम लोगों के लिए 20,000mAh वाला पावर बैंक अच्छा माना जाता है, क्योंकि इससे स्मार्टफोन को कई बार चार्ज किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर यह टैबलेट को भी चार्ज करने में मदद करता है। बहुत कम क्षमता वाला पावर बैंक जल्दी खत्म हो सकता है, जबकि बहुत ज्यादा क्षमता वाले पावर बैंक आकार में बड़े और वजन में भारी होते हैं, जिन्हें साथ लेकर चलना आसान नहीं होता।
ये भी पढ़ें:
बैटरी स्टेटस जानने के लिए इंडिकेटर जरूरी
ऐसा पावर बैंक चुनना बेहतर रहता है जिसमें चार्जिंग इंडिकेटर या डिस्प्ले दिया गया हो। इसकी मदद से उपयोगकर्ता आसानी से पता लगा सकता है कि पावर बैंक में कितनी बैटरी शेष है। यात्रा या ऑफिस जाने से पहले चार्ज स्तर की जानकारी मिल जाने पर अचानक बैटरी खत्म होने की परेशानी से बचा जा सकता है। अच्छी बात यह है कि ऐसे फीचर अब अधिकांश मॉडलों में आसानी से उपलब्ध हैं।
डिजाइन का भी रखें ध्यान
पावर बैंक को रोजाना अपने साथ लेकर चलना पड़ता है, इसलिए उसका डिजाइन भी महत्वपूर्ण होता है। हल्के और पतले पावर बैंक आसानी से बैग या जेब में रखे जा सकते हैं। वहीं, गोल किनारों वाले मॉडल पकड़ने और साथ ले जाने में ज्यादा आरामदायक होते हैं। इसलिए ऐसा पावर बैंक चुनें जो इस्तेमाल और कैरी करने में आसान हो।
ये भी पढ़ें:
अपनी जरूरत के हिसाब से चुनें पावर बैंक
पावर बैंक खरीदने से पहले यह तय कर लें कि आपको इसकी जरूरत कितनी है। अगर आप अक्सर यात्रा करते हैं या लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं, तो ज्यादा बैटरी क्षमता वाला पावर बैंक लेना बेहतर रहेगा। वहीं, रोजमर्रा के सामान्य इस्तेमाल के लिए ऐसा पावर बैंक चुनें जो अच्छी बैटरी बैकअप के साथ आकार में छोटा और आसानी से कैरी किया जा सके।

