Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

ATM के मुफ्त लेनदेन खत्म होने पर ग्राहकों को अलर्ट भेजेंगे बैंक, RBI ने जारी किए निर्देश

November 29, 2026

ATM के मुफ्त लेनदेन खत्म होने पर ग्राहकों को अलर्ट भेजेंगे बैंक, RBI ने जारी किए निर्देश

नई दिल्ली : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने एटीएम और प्वाइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) टर्मिनलों के जरिए कैश निकासी से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नया ‘मास्टर डायरैक्शन’ जारी किया है। इसके साथ ही वर्ष 2008 से 2022 के बीच जारी किए गए 17 अलग-अलग सर्कुलरों को वापस ले लिया गया है। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंकों को ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी जिससे ग्राहकों को हर महीने उपयोग किए गए मुफ्त एटीएम लेनदेन की जानकारी मिल सके।

साथ ही मुफ्त सीमा समाप्त होने के बाद लागू होने वाले शुल्क की भी स्पष्ट सूचना देनी होगी। आरबीआई ने कहा कि बैंकों को अपने एटीएम पर यह भी स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह मैट्रो क्षेत्र में स्थित है या गैर-मैट्रो क्षेत्र में। इससे ग्राहकों को यह समझने में सुविधा होगी कि उनके लिए मुफ्त लेनदेन की कितनी सीमा उपलब्ध है।

इसके अलावा, एटीएम पर अधिकतम नकद निकासी सीमा, मुफ्त लेनदेन की संख्या और लागू शुल्क संबंधी जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में प्रदर्शित करनी होगी। यह नया फ्रैमवर्क, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा, अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों, अधिकृत भुगतान प्रणाली प्रदाताओं और अन्य संबंधित संस्थाओं पर लागू होगा।

आरबीआई ने स्पष्ट किया कि मौजूदा मुफ्त लेनदेन की सीमा (फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट) में कोई बदलाव नहीं किया गया है। आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि व्यापारी प्रतिष्ठानों पर नकद निकासी की सुविधा ग्राहक द्वारा खरीदारी करने या न करने, दोनों ही स्थितियों में उपलब्ध होनी चाहिए। यदि ग्राहक खरीदारी के साथ नकद निकासी भी करता है, तो रसीद में दोनों राशियों का अलग-अलग उल्लेख किया जाना अनिवार्य होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें