Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

Reliance Retail दुनिया की बनी 7वीं सबसे बड़ी स्टार्टअप कंपनी

April 10, 2026

Reliance Retail दुनिया की बनी 7वीं सबसे बड़ी स्टार्टअप कंपनी

नई दिल्ली : रिलायंस रिटेल दुनिया की सबसे मूल्यवान निजी स्टार्टअप कंपनियों की वैश्विक सूची में 7वें स्थान पर पहुंच गई है। स्टैनफर्ड ग्रैजुएट स्कूल ऑफ बिजनैस की रिपोर्ट के अनुसार, 100 अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन के साथ कंपनी ने यह उपलब्धि हासिल की है। पहली 100 मूल्यवान स्टार्टअप कंपनियों की सूची में 3 भारतीय कंपनियां शामिल हैं। नैशनल स्टॉक एक्सचेंज 24 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 27वें और टाटा ईवी मोबिलिटी 9 अरब डॉलर के मूल्यांकन के साथ 93वें स्थान पर है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ताजा निवेश को शामिल करते हुए रिलायंस रिटेल हैक्टाकॉर्न बन गई है जिसका अर्थ है कि उसका मूल्यांकन 100 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। इस सूची में रिटेल सैक्टर की कंपनियों में वह सबसे ऊपर है। रिलायंस रिटेल में कतर इन्वैस्टमैंट अथॉरिटी, अबू धाबी इन्वैस्टमैंट अथॉरिटी, केकेआर, सिल्वरलेक, जीआईसी, टीपीजी और मुबाडाला जैसे प्रमुख वैश्विक निवेशकों ने निवेश किया है। निवेशकों द्वारा आंकी गई कंपनी की कीमत को ही रैकिंग का प्रमुख आधार माना गया है।

सूची जनवरी 2026 तक के आंकड़ों पर आधारित है। पहले 3 स्थान पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्षेत्र की कंपनी ओपनएआई, एलन मस्क की स्पेसएक्स और एंथ्रोपिक शामिल हैं। इससे पता चलता है कि निवेश पाने के मामले में टैक और एआई कंपनियों का दबदबा बढ़ रहा है। शीर्ष 100 की इस सूची में अमेरिका की 65 कंपनियां हैं। चीन की 21 और भारत तथा ब्रिटेन की 3-3 कंपनियों ने सूची में जगह बनाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें