
नई दिल्ली: आम उपभोक्ताओं और उद्योग जगत के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने विमान ईंधन (एटीएफ) और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कमी की है। एक मई से एटीएफ की कीमत में 4.4 प्रतिशत की कटौती की गई है, जिससे यह राष्ट्रीय राजधानी में घटकर 85,486.80 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। यह एक महीने में दूसरी बड़ी कटौती है, जिससे हवाई यात्रा की लागत पर भी असर पड़ सकता है।
-ATF की दरों में बड़ी गिरावट
इससे पहले एक अप्रैल को एटीएफ की दरों में 6.15 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। दोनों कटौतियों ने वर्ष की शुरुआत में हुई मूल्य वृद्धि को काफी हद तक संतुलित कर दिया है। मुंबई में एटीएफ अब 79,855.59 रुपये, चेन्नई में 88,494.52 रुपये और कोलकाता में 88,237.05 रुपये प्रति किलोलीटर बिक रहा है।
-होटल और रेस्तरां के लिए बड़ी राहत
इसके साथ ही होटल और रेस्तरां क्षेत्रों के लिए एक और राहत की खबर है। 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 14.50 रुपये की कटौती की गई है। नई कीमत के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 1,747.50 रुपये में उपलब्ध है जबकि मुंबई में इसकी कीमत 1,699 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 अप्रैल को इन सिलेंडरों पर 41 रुपये प्रति यूनिट की कटौती की गई थी।
-ATF में एक बड़ी कटौती
ईंधन कंपनियों ने यह संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों में आई नरमी को देखते हुए किया है। ब्रेंट क्रूड अब 61 डॉलर प्रति बैरल के नीचे कारोबार कर रहा है, जो पिछले तीन वर्षों का सबसे निचला स्तर है।
हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 853 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर स्थिर बनी हुई है। पेट्रोल और डीजल की दरें भी बिना किसी बदलाव के क्रमश: 94.72 रुपये और 87.62 रुपये प्रति लीटर पर बरकरार हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रही, तो आगे चलकर घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल में भी राहत की संभावना बन सकती है।
ये भी पढ़ें- Himachal Crime: शिमला में रंजिश के चलते भाई ने की भाई हत्या, श्मशानघाट के पास मिला शव
मेष: दिन शुभ रहेगा...