Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

नवंबर में मोटर वाहनों की खुदरा बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर, जानिए कैसा है मार्किट में हाल 

December 6, 2023

नवंबर में मोटर वाहनों की खुदरा बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर, जानिए कैसा है मार्किट में हाल 
नई दिल्ली: भारत में मोटर वाहन की खुदरा बिक्री नवंबर में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इस दौरान यात्री वाहन और दोपहिया खंडों की बिक्री सबसे अधिक रही। वाहन डीलर के निकाय फाडा ने मंगलवार को यह बात कही। कुल खुदरा बिक्री नवंबर में 18 प्रतिशत बढक़र 28,54,242 इकाई रही, जो नवंबर 2022 में 24,09,535 इकाई थी। यात्री वाहन (पीवी) की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढक़र 3,60,431 इकाई हो गई, जो एक साल पहले 3,07,550 इकाई थी।
इसी तरह दोपहिया वाहनों का पंजीकरण पिछले महीने 21 प्रतिशत बढक़र 22,47,366 इकाई हो गया, जो पिछले साल नवंबर में 18,56,108 इकाई था। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अध्यक्ष मनीष राज सिंघानिया ने कहा, ‘‘नवंबर 2023 में भारतीय मोटर वाहन खुदरा उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक महीना बन गया है। इस महीने 28.54 लाख वाहन बेचे गए।
इससे पहले मार्च 2020 में सर्वाधिक 25.69 लाख वाहन बेचे गए थे। उन्होंने कहा कि दोपहिया और यात्री वाहन खंड ने पिछले महीने नए रिकॉर्ड बनाए। सिंघानिया ने कहा कि दोपहिया वाहन खंड में 22.47 लाख वाहनों की बिक्री देखी गई। यह मार्च 2020 के पिछले उच्च स्तर से 1.77 लाख अधिक है। यात्री वाहन श्रेणी में 3.6 लाख इकाइयां बेची गईं, जो अक्टूबर 2022 के पिछले उच्च स्तर से 4,000 इकाइयां अधिक है।
उन्होंने कहा कि पिछले महीने पीवी की बिक्री दीपावली और नए और आकर्षक मॉडल जारी होने से बढ़ी। तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले महीने बढक़र 99,890 इकाई हो गई, जो नवंबर 2022 से 23 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, नवंबर में ट्रैक्टर की बिक्री 21 प्रतिशत घटकर 61,969 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 78,720 इकाई थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें