Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिक्किम को पहली बार मिलेगी रेल कनेक्टिविटी, सिवोक-रंगपो प्रोजेक्ट की सबसे लंबी सुरंग की खुदाई पूरी

November 28, 2026

सिक्किम को पहली बार मिलेगी रेल कनेक्टिविटी, सिवोक-रंगपो प्रोजेक्ट की सबसे लंबी सुरंग की खुदाई पूरी

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने सिक्किम में चल रही सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने शनिवार को बताया कि परियोजना की सबसे लंबी सुरंग संख्या-10 की खुदाई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही परियोजना की सभी 14 सुरंगों की खुदाई पूरी हो गई है और सिक्किम के पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ने का सपना साकार होने के और करीब पहुंच गया है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, 5.3 किलोमीटर लंबी सुरंग संख्या-10 इस परियोजना की सबसे लंबी सुरंग है, जिसकी खुदाई दोनों सिरों तथा दो अलग-अलग एक्सेस टनलों के माध्यम से की गई। अब दोनों दिशाओं से की गई खुदाई के जुड़ जाने के साथ सुरंग निर्माण का यह महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब सुरंग के अंदर लाइनिंग, रेलवे ट्रैक बिछाने और आवश्यक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना जैसे शेष कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

परियोजना पूरी होने के बाद सिवोक-रंगपो रेल लाइन सिक्किम को सीधे भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली पहली रेल कड़ी बनेगी, जिससे राज्य के निवासियों और पर्यटकों को राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के मुकाबले अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद परिवहन विकल्प मिलेगा।रेल संपर्क शुरू होने से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी आसान होगी, स्थानीय कारोबारों को बड़े बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी और राज्य के पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

करीब 45 किलोमीटर लंबी सिवोक-रंगपो ब्रॉडगेज रेल परियोजना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों के साथ-साथ सिक्किम के पाक्योंग जिले से होकर गुजरती है। हिमालयी पर्वतीय क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बनाई जा रही इस रेल लाइन का लगभग 86 प्रतिशत हिस्सा सुरंगों के भीतर से गुजरता है।

परियोजना में कुल 14 सुरंगें और 23 पुल शामिल हैं। इसके तहत सिवोक, रियांग, मेली और रंगपो रेलवे स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जबकि तीस्ता बाजार में एक भूमिगत रेलवे हॉल्ट भी बनाया जाएगा। सिवोक स्टेशन पर यह नई रेल लाइन मौजूदा न्यू जलपाईगुड़ी-आलीपुरद्वार रेल मार्ग से जुड़ेगी, जिससे सिक्किम सीधे राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें