Site icon Dainik Savera Times

स्मार्ट टीवी की बिक्री में सात प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान

नयी दिल्ली: ऊंची मुद्रास्फीति तथा अन्य वृहद-आर्थिक परिस्थितियां प्रतिकूल रहने से इस कैलेंडर साल में भारत में स्मार्ट टीवी की बिक्री सात प्रतिशत घटने का अनुमान है। काउंटरपॉइंट रिसर्च ने मंगलवार को जारी रिपोर्ट में कहा कि कैलेंडर वर्ष 2023 की पहली छमाही में भारतीय स्मार्ट टीवी की बिक्री पांच प्रतिशत कम रही है। यह गिरावट दूसरी छमाही में भी बने रहने के आसार दिख रहे हैं।

हालांकि, यह रिपोर्ट कहती है कि मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) के नए संयंत्र लगाने से भारत में टेलीविजन विनिर्माण की क्षमता बढ़ रही है। नए ओईएम भी इस क्षेत्र में कदम रख रहे हैं और वे अपना टेलीविजन बनाने के लिए स्थापित कंपनियों के साथ हाथ मिला रहे हैं।

रिपोर्ट कहती है, ‘‘हमारा अनुमान है कि भारत का स्मार्ट टीवी बाजार 2023 में सालाना आधार पर सात प्रतिशत घटेगा। हालांकि, दूसरी तिमाही में त्योहारी मौसम की वजह से स्मार्ट टीवी की बिक्री में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।’’

रिपोर्ट के मुताबिक, स्मार्ट टीवी बाजार में नरमी आने के बावजूद 55 इंच और उससे बड़े आकार के टेलीविजन सेट की मांग सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़ी है। लोग अब टीवी में डॉल्बी आॅडियो प्रौद्योगिकी को ही पसंद कर रहे हैं और टीवी कंपनियां अपने उत्पादों में इसे शामिल भी कर रही हैं। इसके अलावा अब क्यूएलईडी प्रौद्योगिकी से लैस स्मार्ट टीवी भी 30,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये के कीमत वर्ग में लोकप्रिय हो रहे हैं।

इस रुझान को देखते हुए टीवी कंपनियां किफायती क्यूएलईडी सेट पेश कर रही हैं।भारत से कुल टीवी निर्यात में स्मार्ट टीवी की हिस्सेदारी पहली छमाही में 91 प्रतिशत रही। इस दौरान कुल बिक्री में आॅनलाइन मंचों का हिस्सा 39 प्रतिशत रहा।

ये भी पढ़ें: पिंपल्स और दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाए एलोवेरा-शहद का ये घरेलू नुस्खा, जानें कैसे करें इस्तेमाल

Exit mobile version