Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Steelbird तमिलनाडु में नया संयंत्र लगाएगी, 250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

October 22, 2023

Steelbird तमिलनाडु में नया संयंत्र लगाएगी, 250 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

 

नई दिल्ली: प्रमुख हेलमेट कंपनी स्टीलबर्ड हाई-टेक इंडिया तमिलनाडु के होसुर में एक नया विनिर्माण कारखाना लगाने के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। कंपनी बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपनी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। कंपनी के फिलहाल बद्दी (हिमाचल प्रदेश) और नोएडा में चार-चार संयंत्र हैं।

कंपनी का लक्ष्य दो साल के समय में होसुर संयंत्र से प्रतिदिन 20,000 से अधिक इकाइयों का उत्पादन हासिल करने का है। स्टीलबर्ड के प्रबंध निदेशक राजीव कपूर ने बातचीत में कहा, ‘‘हम यह संयंत्र दक्षिण भारत के विभिन्न ओईएम (मूल उपकरण निर्माताओं) की मांग को पूरा करने के लिए लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआती चरण में हम इस परियोजना में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।

दो साल में इस संयंत्र में कुल 250 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।’’ कपूर ने कहा कि इस संयंत्र के अगले दो साल में चालू होने की उम्मीद है। कारखाने के लिए जमीन अधिग्रहण का काम अंतिम चरण में है। स्टीलबर्ड बद्दी में मौजूदा संयंत्रों की विनिर्माण क्षमता का भी विस्तार कर रही है और इसके लिए 105 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय निर्धारित किया गया है।

इसके बाद कंपनी वहां अपनी उत्पादन क्षमता को 20,000 इकाई प्रतिदिन से बढ़ाकर 50,000 इकाई प्रतिदिन कर पाएगी। कपूर ने कहा, ‘‘विस्तार का काम पहले ही शुरू हो चुका है और हमारा इस वित्त वर्ष में एक करोड़ हेलमेट के उत्पादन का लक्ष्य है।’’उन्होंने कहा कि अगले साल के अंत तक कंपनी की योजना कुल उत्पादन को 1.5 करोड़ हेलमेट तक पहुंचाने की है।

कपूर ने कहा कि सरकार द्वारा देश में हेलमेट इस्तेमाल के कानून को सख्ती से लागू करने से घरेलू बाजार में इसकी मांग तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। कपूर ने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में 600 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद कर रही है। 2022-23 में यह करीब 554 करोड़ रुपये रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘2026-27 तक हमारा कारोबार 1,300 करोड़ रुपये के आंकड़े को छू जाएगा।

ये भी पढ़ें: Labour Day Holiday: आज छुट्टी रहेगी या नहीं? जानिए आपके शहर में क्या-क्या खुला रहेगा और क्या बंद 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें