
Stock Market Alert: घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। वैश्विक बाजारों से मिल रहे मिले-जुले संकेतों और निवेशकों की सतर्कता के बीच आज भी भारतीय बाजार गिरावट के साथ खुले। कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 150 अंकों की गिरावट के साथ 84,410 के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 40 अंक टूटकर 25,800 के अहम मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे 25,776 पर आ गया।
बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का दबाव साफ नजर आया, जिसका असर बैंक निफ्टी पर भी पड़ा। यह इंडेक्स 100 से अधिक अंक फिसलकर 58,822 के स्तर के आसपास ट्रेड करता दिखा।

क्यों बना है दबाव?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक हाल के दिनों में आई तेज़ी के बाद निवेशक मुनाफावसूली की राह पर हैं। इसके अलावा कुछ सेक्टर्स में संभावित नियामकीय बदलावों को लेकर अनिश्चितता भी बाजार की धारणा को कमजोर कर रही है। ऐसे माहौल में निवेशक फिलहाल चुनिंदा स्टॉक्स पर ही फोकस कर रहे हैं।
AMC कंपनियों के शेयर रहेंगे चर्चा में
मार्केट रेगुलेटर सेबी ने म्यूचुअल फंड से जुड़े टोटल एक्सपेंस रेशियो (TER) फ्रेमवर्क में बदलाव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले का असर सीधे एसेट मैनेजमेंट कंपनियों की कमाई और मार्जिन पर पड़ सकता है। इसी वजह से मोतीलाल ओसवाल AMC, HDFC AMC, निप्पॉन लाइफ इंडिया AMC, आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC और UTI AMC जैसे शेयरों में आज हलचल देखने को मिल सकती है। निवेशक यह आंकलन करने में जुटे रहेंगे कि नए नियम कंपनियों के फाइनेंशियल परफॉर्मेंस को किस तरह प्रभावित करेंगे।
Axis Bank पर निवेशकों की नजर
एक्सिस बैंक ने Google Pay के साथ साझेदारी करते हुए RuPay नेटवर्क पर को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया है। यह कार्ड सीधे यूजर्स के UPI अकाउंट से जुड़ा होगा और हर ट्रांजैक्शन पर तुरंत कैशबैक या रिवॉर्ड का फायदा देगा।
डिजिटल पेमेंट और क्रेडिट कार्ड बिजनेस में इस पहल को बैंक के लिए रणनीतिक रूप से मजबूत कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में ग्राहक आधार बढ़ने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: Weather Update: कई राज्यों में घने कोहरे की मार, अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट
NTPC Green Energy भी फोकस में
NTPC Green Energy ने गुजरात के खावड़ा सोलर प्रोजेक्ट में 37.925 मेगावाट सोलर क्षमता का कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया है। यह 300 मेगावाट क्षमता वाले खावड़ा सोलर प्रोजेक्ट का पांचवां चरण है।
रिन्यूएबल एनर्जी सेगमेंट में कंपनी की बढ़ती मौजूदगी और लगातार हो रहे प्रोजेक्ट्स के चलते यह शेयर भी निवेशकों की रडार पर बना रह सकता है। कुल मिलाकर, कमजोर बाजार माहौल के बीच आज निवेशकों की रणनीति सतर्क रहने की है और स्टॉक-स्पेसिफिक मूवमेंट पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।