Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather Update: कई राज्यों में घने कोहरे की मार, अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट

December 18, 2025

Weather Update: कई राज्यों में घने कोहरे की मार, अगले 48 घंटों में बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया अलर्ट

नेशनल डेस्क: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। आने वाले 24 से 48 घंटे कई राज्यों के लिए मुश्किल भरे हो सकते हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 22 दिसंबर के बीच दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों तक मौसम का असर साफ नजर आएगा। इस दौरान कई जगहों पर बारिश, तेज हवाएं, घना कोहरा, शीतलहर और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि खराब मौसम का असर सड़क यातायात, रेल और हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है। कई इलाकों में दृश्यता कम रहने के कारण लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में एक से दो दिन तक मौसम खराब बना रह सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। चेन्नई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जनजीवन पहले से ही प्रभावित है और फिलहाल मौसम से राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।

ये भी पढ़ें: Hukamnama श्री हरमंदिर साहिब जी 18 दिसंबर 2025

मौसम विभाग के अनुसार, देश में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। पहला पश्चिमी विक्षोभ 18 दिसंबर के आसपास और दूसरा 20 दिसंबर के करीब असर दिखाएगा। इन सिस्टमों के चलते उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो रही है। इसका असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ रहा है। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं और कुछ जगहों पर कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड, कोहरा और प्रदूषण ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं। आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है, जिससे ठिठुरन बढ़ेगी। हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है और कुछ इलाकों में यह गंभीर स्तर तक पहुंच सकती है। सुबह और रात के समय कोहरे के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी सर्दी का असर तेज हो गया है। ग्वालियर, चंबल और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही हैं। कम दृश्यता के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वहीं राजस्थान में भी ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

ये भी पढ़ें: Horoscope 18 Dec 2025: आज करियर और कारोबार के लिए कैसा रहेगा आपका दिन? जानिए 12 राशियों का हाल

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इससे तापमान और नीचे जा सकता है। कुछ जगहों पर पारा शून्य के आसपास पहुंच सकता है, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी। मौसम विभाग ने पहाड़ों की ओर यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें