Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार ने बनाया नया रिकॉर्ड,जानिए Sensexऔर Nifty के हाल

March 7, 2024

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार ने बनाया नया रिकॉर्ड,जानिए Sensexऔर Nifty के हाल

 

मुंबई: अमेरिकी बाजारों में मजबूत रुख और विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ने के बीच बृहस्पतिवार को घरेलू शेयर बाजार के दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 159.18 अंक चढक़र 74,245.17 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 49.6 अंकों की बढ़त के साथ 22,523.65 अंक के नए शिखर पर पहुंच गया। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही बाजार में उतार-चढ़ाव की स्थिति आ गई और दोनों सूचकांक अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गए। सेंसेक्स की कंपनियों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं।

दूसरी तरफ महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट का रुझान रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। बुधवार को अमेरिकी बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार हुआ था।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,766.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.13 प्रतिशत गिरकर 82.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। बुधवार को सेंसेक्स 408.86 अंक उछलकर 74,085.99 अंक और निफ्टी 117.75 अंक चढक़र 22,474.05 के नए शिखर पर बंद हुए थे।

ये भी पढ़ें: बंगाल चुनाव में BJP की जीत का दावा, अमित शाह बोले- हर वोट बदलाव की नींव

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें