Site icon Dainik Savera Times

RBI की मौद्रिक समीक्षा के बाद शेयर बाजार शुरुआती नुकसान से उबरे

मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक की चालू वित्त वर्ष की पहली मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के नतीजों की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को स्थानीय शेयर बाजार शुरुआती नुकसान से उबर गए। शुरुआती कारोबार में बाजार गिरावट के साथ खुले थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 165.16 अंक टूटकर 59,524.15 अंक पर आ गया था। मौद्रिक समीक्षा के बाद यह नुकसान से उबर गया और 176.91 अंक की बढ़त के साथ 59,866.22 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी शुरुआती नुकसान से उबर गया और 44.2 अंक की बढ़त के साथ 17,601.25 अंक पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी शुरुआती कारोबार में 45.5 अंक के नुकसान से 17,511.55 अंक पर खुला था।

रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक की नतीजों की घोषणा करते हुए कहा कि रेपो दर को 6.5 पर कायम रखने का फैसला किया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि भविष्य में जरूरत होने पर एमपीसी कोई कदम उठाने से हिचकिचाएगी नहीं। दास ने इसके साथ ही कहा कि मुख्य मुद्रास्फीति अभी ऊपर बनी हुई है। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, टेक मंहिद्रा, मारुति, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक,हिंदुस्तान यूनिलीवर और नेस्ले के शेयर नुकसान में थे। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक , बजाज फाइनेंस और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में कारोबार कर रहे थे।

ये भी पढ़ें: Haryana News : 3 सरपंच, 1 पंच के लिए उपचुनाव 10 को

Exit mobile version