Dainik Savera Times

शेयर बाजार में जोरदार बढ़त: जानिए Sensex और Nifty के हाल, कई स्टॉक्स में तेजी

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में आज जोरदार शुरुआत देखने को मिली। कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन निवेशकों का उत्साह साफ दिखाई दिया, जिससे बाजार में तेजी आई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 239.57 अंकों की बढ़त के साथ 80,604.51 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 69.45 अंकों की छलांग लगाते हुए 24,704.35 पर ट्रेड कर रहा था।

इन स्टॉक्स ने दिखाई मजबूती

निफ्टी के टॉप गेनर्स में टाइटन कंपनी, एशियन पेंट्स, सिप्ला, हिंडाल्को और टाटा कंज्यूमर जैसे शेयरों ने बढ़त बनाई। वहीं, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टाटा मोटर्स, एसबीआई, टेक महिंद्रा और डॉ रेड्डीज लैब्स में कुछ कमजोरी देखने को मिली।

एसएमई प्लेटफॉर्म पर आज लिस्ट होंगे ये शेयर

आज का दिन स्मॉल और मिड-साइज्ड कंपनियों के लिए भी खास रहने वाला है। 30 सितंबर को बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर पांच नए शेयरों की लिस्टिंग हो रही है। इनमें ट्रू कलर्स, इकोलाइन एक्ज़िम, एप्टस फार्मा, मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस और भारतरोहन एयरबोर्न इनोवेशन्स के नाम शामिल हैं।

रुपया हुआ थोड़ा मजबूत, 3 पैसे की बढ़त

घरेलू शेयर बाजार की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते रुपया भी मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 3 पैसे मजबूत होकर 88.72 पर पहुंच गया। हालांकि, डॉलर की हल्की मजबूती और एफआईआई की पूंजी निकासी ने रुपये की अधिक बढ़त को सीमित किया।

विशेषज्ञों के मुताबिक, बाजार अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति की बैठक के नतीजों का इंतजार कर रहा है, जिसकी घोषणा बुधवार को की जाएगी।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रही। ओपेक+ द्वारा संभावित उत्पादन वृद्धि और इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र से तेल सप्लाई बहाल होने की उम्मीदों ने कीमतों को दबाव में रखा। ब्रेंट क्रूड का नवंबर डिलीवरी वाला अनुबंध 47 सेंट गिरकर 67.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अधिक सक्रिय दिसंबर अनुबंध 66.66 डॉलर प्रति बैरल पर देखा गया। यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड भी 40 सेंट गिरकर 63.05 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

ये भी पढ़ें: Stock Market Today: मिडिल ईस्ट तनाव का शेयर बाजार पर असर: Sensex- Nifty में गिरावट, इन शेयरों पर रखें नजर

Exit mobile version