
Stock Market Updates : एशियाई समकक्षों के सुधार तथा सभी क्षेत्रों में खरीदारी के बाद मंगलवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में तेजी से सुधार हुआ। सोमवार को घरेलू बाजारों में गिरावट से उबरते हुए बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,283.75 अंक या 1.75 प्रतिशत बढ़कर 74,421.65 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी 415.95 अंक या 1.87 प्रतिशत बढ़कर 22,577.55 अंक पर पहुंच गया।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज को छोड़कर सेंसेक्स की सभी कंपनियों के शेयर सकारात्मक दायरे में रहे। टाइटन, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टूब्रो और टाटा स्टील के शेयरों में सर्वाधिक लाभ रहा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाभ में रहे। निक्केई 225 में पांच प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। सोमवार को अधिकांश अमेरिकी बाजार गिरावट में रहे।
अंतर्राष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.32 प्रतिशत बढ़कर 65.06 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे और उन्होंने 9,040.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 12,122.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सोमवार को सेंसेक्स 2,226.79 अंक गिरकर 73,137.90 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 742.85 अंक गिरकर 22,161.60 अंक पर बंद हुआ।
ये भी पढ़ें: पटियाला के 12 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा