Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

शेयर बाजार ने किया नए साल का स्वागत, सैंसेक्स ने 1,436 अंक की लगाई छलांग

January 3, 2025

शेयर बाजार ने किया नए साल का स्वागत, सैंसेक्स ने 1,436 अंक की लगाई छलांग

मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने सुस्त शुरुआत के बाद नए साल 2025 का जोरदार स्वागत किया। दिसंबर में कारों की बिक्री के मजबूत आंकड़ों के चलते ऑटो शेयरों में बंपर तेजी रही। निफ्टी ऑटो इंडैक्स में 3.79 फीसदी की तेजी आई। सैंसेक्स 1,436.30 अंक या 1.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 79,943.71 पर बंद हुआ और निफ्टी 445.75 अंक या 1.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,188.65 पर बंद हुआ। सैंसेक्स जबरदस्त उछाल के साथ दिन के उच्चतम स्तर 80,032.87 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 24,226.70 पर दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंचा। निफ्टी बैंक 544.95 अंक या 1.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 51,605.55 पर बंद हुआ।

निफ्टी मिडकैप 100 इंडैक्स 657.30 अंक या 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58,108.20 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडैक्स 120.55 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 19,080.35 पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर 2,400 शेयर हरे निशान और 1,571 शेयर लाल निशान में बंद हुए, जबकि 115 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सैक्टोरल फ्रंट पर, एनएसई में ऑटो, आईटी, कंजम्पशन, फाइनांशियल सर्विस, एफएमसीजी और रियलिटी सैक्टर में भारी खरीदारी देखी गई। बाजार के जानकारों के अनुसार, ‘अगले सप्ताह से शुरू होने वाले आगामी आय सत्र के बारे में आशावाद से प्रेरित होकर घरेलू बाजार में तेजी देखी गई। यह तेजी व्यापक आधार पर थी, जिसमें लगभग सभी सैक्टोरल इंडैक्स में बढ़त दर्ज की गई।’

उन्होंने बताया, ‘ऑटो सैक्टर ने सबसे ज्यादा बढ़त दिखाई, जिसमें दिसंबर में बिक्री में वृद्धि से सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जो आमतौर पर कम मांग के बावजूद रही। बैंकिंग और आईटी शेयरों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।’ बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनांस, मारुति सुजुकी, टाइटन, एमएंडएम, इंफोसिस, एचसीएलटेक, जोमैटो, अल्ट्राटैक सीमैंट, कोटक महिंद्रा बैंक और इंडसइंड बैंक टॉप गेनर्स थे। केवल सन फार्मा ही टॉप लूजर्स की लिस्ट में रहा। एफआईआई ने 1 जनवरी को 1,782.71 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,690.37 करोड़ रुपए के
शेयर खरीदे।

ये भी देखें : ‘4 मई TMC के जंगल राज की आखिरी तारीख’, पीएम मोदी का बंगाल में बड़ा हमला

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें